पं. रामलाल शर्मा कॉलेज ऑफ एजुकेशन में संतों का प्रेरक व्याख्यान
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदा पुरम।
शहर के पं. रामलाल शर्मा कॉलेज ऑफ एजुकेशन में सोमवार एक प्रेरक व्याख्यान कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रिंस जैन के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्री रामकृष्ण मिशन से पधारे संतों ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। मुख्य वक्ता के रूप में श्रीमत् स्वामी प्रपत्यानंद , संपादक विवेक ज्योति, रायपुर ने व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही श्रीमत् स्वामी नित्यज्ञानानंद जी श्री रामकृष्ण मिशन, भोपाल, श्रीमत् स्वामी कृष्णामृतानंद , श्री रामकृष्ण मिशन, ग्वालियर एवं श्रीमत् स्वामी विरेशानंद , श्री रामकृष्ण मिशन, नर्मदापुरम ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने युवाओं में सेवा भाव, चरित्र निर्माण, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं है, बल्कि चरित्र का निर्माण करना ही सच्ची शिक्षा है। युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर समाज और राष्ट्र के लिए कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. प्रिंस जैन ने सभी संतों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें जीवन की सही दिशा प्रदान करते हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ.संजय गार्गव व श्रीमती स्वाती गुप्ता द्वारा किया गया |

