
बाड़ी (जिला रायसेन) / चंद्र प्रकाश सोनी / नगर के प्राचीन एवं प्रसिद्ध राधा वल्लभ मंदिर में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी भव्य छप्पन भोग का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। इस अवसर पर भगवान राधा वल्लभ को विभिन्न प्रकार के मिष्ठान एवं पकवानों का भोग अर्पित किया गया। आकर्षक ढंग से सजाया गया छप्पन भोग श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
छप्पन भोग की भव्य सजावट और भगवान के मनमोहक स्वरूप के दर्शन करने के लिए बाड़ी नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। सुबह से ही मंदिर में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा और देखते ही देखते श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया। आयोजन ने धार्मिक आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

