
इटारसी / नगर पालिका क्षेत्र में व्याप्त गंभीर स्वच्छता संकट, नालियों में गंदगी एवं जलभराव की समस्या को लेकर आज नगर पालिका इटारसी की मुख्य नगर पालिका अधिकारी रितु मेहरा ने स्वयं मौके पर पहुँचकर स्थल निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान अधिवक्ता एवं मानवाधिकार विशेषज्ञ सिद्धार्थ आर्य ने संबंधित क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण कराते हुए गंदगी, दूषित नालियों, जल-जमाव और नागरिकों को हो रही समस्याओं की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। निरीक्षण के पश्चात CMO द्वारा तत्काल प्रभाव से सफाई कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए, जिस पर मौके पर ही सफाई कार्य शुरू कर दिया गया। साथ ही पानी की समस्या के स्थायी समाधान हेतु आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक कदम उठाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इस अवसर पर अधिवक्ता सिद्धार्थ आर्य ने कहा कि “यह कोई राजनीतिक विषय नहीं है, बल्कि यह नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मान और जीवन के अधिकार (अनुच्छेद 21) से जुड़ा मामला है। जब तक समस्याएँ फाइलों में रहती हैं, समाधान नहीं होता। जब समस्याएँ ज़मीन पर दिखाई जाती हैं, तभी प्रशासन हरकत में आता है।” स्थानीय नागरिकों ने भी नगर पालिका द्वारा मौके पर की गई कार्रवाई का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि सफाई एवं जल-प्रबंधन की व्यवस्था को अब स्थायी रूप से सुधारा जाएगा। यह पूरा घटनाक्रम इस बात का उदाहरण है कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर ज़मीनी निरीक्षण और प्रशासनिक संवेदनशीलता से त्वरित समाधान संभव है।

