लाखों की संख्या में पहुंचेंगे श्रद्धालु
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
मां नर्मदा एवं तवा के संगम तट बांद्राभान में रविवार से 26 नवंबर तक चलने वाले 5 दिवसीय बांद्राभान मेले का शुभारंभ हुआ। इस वर्ष बांद्राभान मेले के 200 वर्ष पूर्ण हो रहे है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक नर्मदापुरम डॉ सीतासरन शर्मा, लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, श्रीमती प्रीति शुक्ला, नगर पालिका नर्मदापुरम की अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, नगर पालिका इटारसी के अध्यक्ष श्री पंकज चौरे, जनपद अध्यक्ष, मध्य प्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष पीयूष शर्मा, दूरसंचार सलाहकार समिति भारत सरकार के सदस्य विकास नारोलिया, कलेक्टर आशीष वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला, सीईओ जिला पंचायत हिमांशु जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विधिवत पूजा अर्चना कर मेले का शुभारंभ किया। दीपक कुमार शुक्ला ने अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र पर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया एवं मेले के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि कार्तिक मास की पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाला सुप्रसिद्ध बांद्राभान मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचते हैं। इस वर्ष मेले के 200 वर्ष पूर्ण होने पर अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। जिसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है।
मेला के 200 वर्ष हुए पूर्ण
जनपद सीईओ ने बताया कि इस वर्ष मेले के 200 वर्ष पूर्ण होने पर मेले का संचालन 5 दिवस तक चलेगा जो 26 नवंबर तक चलेगा। मेले में नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, सीहोर, भोपाल, राजगढ एवं अन्य जिलो से आने वाले यात्रियों व श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान में रखते हुये मेला स्थल के पहुंच मार्गों को दुरूस्त किया गया है। मेले के लिए मुख्य घाट सहित अन्य प्रमुख स्नान घाटों तक के रेतीले क्षेत्र में आवागमन सुलभ बनाया गया है। मेला स्थल पर नदी में गहरे पानी में जाने से लोगो को रोकने के लिए बैरीकेडिंग की गई है। शुद्ध पेयजल की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उचित यातायात प्रबंधन तथा जाम से निजात पाने के लिये अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग बनाई गई है, जिससे मार्ग पर कोई अवरोध उत्पन्न ना हो एवं वाहनों की आवा जाही सतत रूप से जारी रहे। उन्होंने बताया कि स्नान के दौरान गहरे पानी में श्रद्धालुओं को डूबने से बचाने व अन्य किसी प्रकार की आपात स्थिति से बचाव के लिए कुशल तैराकों, गोताखोरों एवं नदी में पेट्रोलिंग हेतु मोटर बोट, लाईफ जैकिट, वायरलैस सैट, वॉकी-टॉकी, सर्च लाईट वॉच टावर इत्यादी की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा खोया-पाया केन्द्र, स्वास्थ विभाग का अमला एंबुलेंस तथा प्राथमिक उपचार के लिए दवाओं के साथ मेला स्थल पर तैनात है। अस्थाई शौचालय, चलित शौचालय, अस्थाई चेंजिंग बूथ भी मेला स्थल पर हैं। मेले में शांति एवं कानून व्यवस्था, भीड एवं ट्रैफिक नियंत्रण तथा हर प्रकार की अप्रत्याशित परिस्थति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तेद रहेगा। मेले में आने वाले यात्रियों के खाने-पीने, चाय-नाश्ते तथा रोजाना की जरूरतों के हिसाब से दूरस्थ क्षेत्रों से आये दुकानदारों ने दुकाने भी स्थापित की है। मनोरंजन व धार्मिक वातावरण हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रम भी निरंतर संचालित रहेगें। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक मेले की सफलता सुनिश्चित करने के लिये कलेक्टर सुश्री श्री वशिष्ठ के मार्गदर्शन में समस्त इंतजाम पुख्ता व व्यवस्थित किए गये है।
सांसद, विधायक , कलेक्टर, एसपी ने किया विकसित भारत @2047 प्रदर्शनी का उद्घाटन
बांद्राभान मेले के दौरान प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो द्वारा विकसित भारत @2047 की थीम पर आयोजित प्रदर्शनी का शुभारंभ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी, कलेक्टर आशीष वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया। इस अवसर पर अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी के माध्यम से दी जा रही जानकारियों को देखा। प्रदर्शनी में विकसित भारत @2047 की संकल्पना, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शित किया गया है।
ड्रोन से निगरानी के दिए निर्देश
बांद्राभान मेले में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार शुक्ला ने मेले में स्थापित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम से संचालित व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा निगरानी की जानकारी ली। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने निर्देश दिए कि पूरे मेला क्षेत्र पर ड्रोन के माध्यम से लगातार नजर रखी जाए तथा ड्रोन से प्राप्त गतिविधियों की निगरानी कंट्रोल रूम के माध्यम से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संपूर्ण मेला क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि रात्रि के समय भी श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्नान के पश्चात वस्त्र बदलने के लिए चेंजिंग रूम की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

