



नर्मदापुरम / कलेक्टर आशीष वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने बांद्राभान पहुंचकर मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूर्णिमा के अवसर पर होने वाले मुख्य स्नान को लेकर विशेष रूप से भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मुख्य स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने, आवागमन सुचारू बनाए रखने तथा सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला क्षेत्र के सभी प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रहे। कलेक्टर एवं एसपी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने तथा मुख्य स्नान के दौरान व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

