सर्व आदिवासी सगा समाज ने शिक्षा, एकता, नशामुक्ति और संस्कृति संरक्षण का दिया संदेश
रवीन्द्र यादव रिपोर्टर पचमढ़ी ।
सतपुड़ा की रानी पचमढ़ी के सूर्य नमस्कार गार्डन में सर्व आदिवासी सगा समाज के तत्वावधान में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन के माध्यम से शिक्षा, सामाजिक एकता, रोजगार, नशामुक्ति और पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति अध्यक्ष नंदकिशोर उइके, राजू सीलू एवं मुख्य अतिथि यशवंत भुसुमकर (गायकवाड़), राकेश धुर्वे, सद्भान शाह पन्द्रे तथा सुरेश कुमार दहीकर ने भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया।
समिति अध्यक्ष नंदकिशोर उइके ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए समय के साथ सकारात्मक बदलाव जरूरी है। सामाजिक बुराइयों को त्यागकर अच्छी परंपराओं को अपनाने से ही वास्तविक प्रगति संभव है। राजू सीलू ने भी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पारंपरिक संस्कृति को मजबूत बनाने पर जोर दिया। मुख्य अतिथि यशवंत भुसुमकर (गायकवाड़) ने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि माता-पिता स्वयं कठिन परिस्थितियों में जीवन गुजार लें, लेकिन बच्चों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दें, क्योंकि बच्चे ही समाज का भविष्य हैं।

