दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जिले में 29 आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती शुरू हो गई है। आवेदन 16 नवंबर से शुरू हुए हैं और अंतिम तिथि 16 दिसंबर 2026 है। केवल ऑनलाइन आवेदन ही मान्य होंगे, ऑफलाइन आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरसिंह गेहलोत ने बताया कि विकासखंडों में रिक्त पदों पर भर्ती सीईओ जनपद पंचायत और खंड चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में होगी। चयन में अनुचित साधन पाए जाने पर प्रक्रिया निरस्त मानी जाएगी। विकासखंडवार रिक्त पदों में नर्मदापुरम के निटाया, बंडुआ, केसला के छीतापुरा, नयापुरा डांडीवाड़ा, पीपलढाना, बाबईखुर्द, मरोड़ा, माना, मालनी, भाड़भूड़ सिवनी मालवा के गाडरीपुरा, धमासा, ढाड़ींवाड़ा, बैंट, बोरट, बाबई के पाटनी, रैपुरा, खखरापुरा, घोघरीखेड़ी, परसापानी, सोहागपुर के पथरई, बोरनागुजर, रैपुरा, पालादेवरी पिपरिया के तरौनाखुर्द, मुहारीखुर्द तथा बनखेड़ी के जमुनिया रंधीर, पीपरपानी में रिक्त पद है। भर्ती के लिए आवेदिका संबंधित ग्राम की स्थानीय निवासी और विवाहित महिला होनी चाहिए। आयु 21 से 45 वर्ष के बीच और न्यूनतम योग्यता 10वीं उत्तीर्ण होना जरूरी है। आवेदन एमपी ई-सेवा पोर्टल eseva.mp.gov.in पर किया जाएगा। प्राप्त आवेदनों को ग्रामसभा के समक्ष रखा जाएगा और ग्रामसभा द्वारा चयन प्रस्ताव का अनुमोदन किया जाएगा। इसके बाद विकासखंड व जिला स्तर पर दावे-आपत्ति और अपीलों का निराकरण कर चयन पूर्ण होगा।
