दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित विधान सौध में सोमवार को ‘राष्ट्रमंडल महिला सांसद (सीडब्ल्यूपी) भारत क्षेत्र सम्मेलन’ का भव्य शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने सहभागिता की। सम्मेलन का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महिला सांसदों और विधायकों का यह मंच लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिला नेतृत्व, प्रतिनिधित्व और सार्थक भागीदारी को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘मजबूत नींव, मजबूत आवाज : समावेशी साइबर स्पेस और नई महिला विधायकों के लिए मेंटरशिप मार्ग’ रखी गई है। इसके तहत डिजिटल सशक्तीकरण, साइबर सुरक्षा, मेंटरशिप और नई महिला जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन जैसे अहम विषयों पर दो दिनों तक गहन विमर्श होगा।
इस गरिमामयी अवसर पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, कर्नाटक के गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर, कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष श्री यू.टी. खादर, सीडब्ल्यूपी इंडिया रीजन की चेयरपर्सन डॉ. डी. पुरंदेश्वरी, कर्नाटक विधान परिषद के सभापति सलीम अहमद, उपसभापति डॉ. उमाश्री, कर्नाटक विधानसभा उपाध्यक्ष मंकल वैद्य सहित देशभर की महिला सांसद, विधायक और अनेक वरिष्ठ गणमान्यजन उपस्थित रहे।

