सिवनी मालवा में खाद्य सुरक्षा टीम की बड़ी कार्यवाही
दयाराम रिपोर्टर नर्मदापुरम।
त्योहार के चलते विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा सिवनी मालवा स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठान एवं विनिर्माण केंद्रों का निरीक्षण किया गया। अनुविभागीय दंडाधिकारी विजय राय के नेतृत्व में दल में नायब तहसीलदार आलोक भद्र, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश एस. दियावार ने भीलपूरा मनभावन मिष्ठान केंद्र की निर्माण इकाई बिना वैध लाइसेन्स के संचालित पायी गयी एवं खुले में खाद्य पदार्थों का भंडारण, मिठाई रखने के लिए न्यूज पेपर का प्रयोग होने, अस्वच्छता पाए जाने के कारण, निर्माण इकाई को सील किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा उक्त परिसर से खोवा के 2 नमूने शक्कर बर्फी का 1 नमूना जांच हेतु लेकर 70 किलोग्राम खोवा और 1.5 क्विंटल शक्कर बर्फी ज़ब्त किया और 45 किलो बालूशाही नष्ट करवायी गई! इसके अतिरिक्त राजस्थान मिष्ठान भंडार निर्माण इकाई और राहुल स्वीट से संदेह के आधार प़र मिल्क केक , मोतिचुर लड्डू, दूध पाउडर, इमली, नमकीन बर्फी एवं मावा रोल सहित खाद्य पदार्थों के 10 नमूने जांच हेतु लिये गये। इसके अतिरिक्त राजस्थान मिष्ठान कारखाना से खुले में रखें 20 किलोग्राम मिठाई का विनष्टीकरण करवाया गया। चलित खाद्य प्रयोगशाला द्वारा बाबई में 30 नमूनों की जांच कर जागरूकता व प्रशिक्षण प्रदान किया गया। सभी नमूने जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम प्रकरण प्रस्तावित किया जावेगा। साथ ही व्यापरियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता संबंधी सावधानी रखने हेतु निर्देशित किया गया. खाद्य पदार्थों की जांच नियमित रूप से जारी रहेगी। जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा मावा, मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता हेतु विशेष निगरानी की जा रही है।

