



नर्मदापुरम / कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला द्वारा रक्षित केंद्र एवं पुलिस कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा निम्नलिखित शाखाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए गए:
* साइबर फॉरेंसिक यूनिट एवं CCTNS लैब: कंट्रोल रूम में संचालित साइबर फॉरेंसिक यूनिट का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधीक्षक ने अधिक से अधिक अपराधों के ट्रेसिंग एवं निराकरण में साइबर फॉरेंसिक का उपयोग कर आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, CCTNS लैब का निरीक्षण कर सीसीटीएनएस पोर्टल से संबंधित सभी कार्यवाहियों को समय पर एवं शत-प्रतिशत पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।
* CCTV एवं डायल 100 कक्षः सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर शहर के सभी प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर स्थापित कैमरों की स्थिति की जानकारी ली गई तथा शहर में 24 घंटे कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। डायल 100 कक्ष के निरीक्षण के दौरान पीड़ित व्यक्तियों की सहायता हेतु सूचना मिलते ही डायल 100 वाहन को त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचने हेतु सख्त हिदायत दी गई।
* दिशा ई-लर्निंग लाइब्रेरी एवं कैंटीनः रक्षित केंद्र में संचालित ‘दिशा ई-लर्निंग लाइब्रेरी’ का निरीक्षण कर वहां अध्ययनरत बच्चों व युवाओं से चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों का जायजा लिया और उनका मार्गदर्शन कर उत्साहवर्धन किया। इसके पश्चात पुलिस लाइन स्थित कैंटीन का निरीक्षण कर जवानों व उनके परिजनों हेतु दैनिक आवश्यकता की वस्तुओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
* शाखाओं का निरीक्षण एवं स्वच्छताः रक्षित केंद्र परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, गार्ड रूम, रोजनामचा रूम, स्टोर शाखा, आर्मरी (शस्त्रागार) शाखा, वेतन शाखा एवं रीडर शाखा का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया गया। परिसर में उच्च स्तरीय स्वच्छता बनाए रखने तथा वरिष्ठ कार्यालयों द्वारा चाही गई जानकारियों व पत्राचार को समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
* एमटी शाखा एवं जिमः एमटी (मोटर ट्रांसपोर्ट) शाखा में पहुंचकर शासकीय वाहनों की भौतिक स्थिति का जायजा लिया गया एवं वाहनों का समय-समय पर मेंटेनेंस (रखरखाव) कराने के निर्देश दिए गए ताकि आपात स्थिति में वाहनों के संचालन में कोई बाधा न आए। अंत में, रक्षित केंद्र स्थित जिम का निरीक्षण कर उपलब्ध मशीनों की जानकारी ली गई तथा जिम परिसर में भी साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन, एसडीओपी जितेंद्र पाठक तथा रक्षित निरीक्षक नरेन्द्र त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।

