



नर्मदापुरम / धनतेरस एवं दीपावली पर्व के अवसर पर शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नर्मदापुरम पुलिस एवं यातायात पुलिस द्वारा सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 4 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक मुख्य बाजार क्षेत्र में चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। बाजार क्षेत्र के कुछ प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित करने के साथ ही आवश्यकतानुसार एकांगी मार्ग व्यवस्था भी लागू रहेगी।
प्रमुख यातायात प्रतिबंध एवं मार्ग व्यवस्था……
1. मोरछली से सराफा चौक तक: इस मार्ग पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। दोपहिया वाहन केवल सराफा चौक से मोरछली की ओर जा सकेंगे।
2. सतरस्ता से हलवाई चौक: इस मार्ग पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
3. हलवाई चौक से सराफा मार्ग: इस मार्ग पर भी चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
4. अस्पताल चौक से इंदिरा चौक: इस मार्ग पर चारपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
पार्किंग एवं यातायात नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम…..
बाजार क्षेत्र में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार भ्रमण करेंगी। दोपहिया वाहनों को सड़क किनारे निर्धारित स्थानों अथवा पार्किंग स्थलों पर व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया जाएगा।
सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सतत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसी प्रकार, दीपावली के अवसर पर लगाए जाने वाले पटाखा बाजार के कारण सड़क पर जाम की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए एसएनजी ग्राउंड के सामने विशेष यातायात व्यवस्था एवं पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
आम नागरिकों से विशेष अपील…..
नर्मदापुरम पुलिस आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील करती है कि धनतेरस एवं दीपावली की खरीदारी के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
– अनावश्यक असुविधा एवं जाम से बचने के लिए कार अथवा अन्य चारपहिया वाहन लेकर मुख्य बाजार में प्रवेश न करें।
– यदि चारपहिया वाहन से आना आवश्यक हो, तो इंदिरा चौक से हलवाई चौक, तार अहाता होते हुए अथवा झंडा चौक, होली चौक, पर्यटन घाट, एकता चौक एवं अस्पताल चौक की ओर से उपलब्ध वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
– अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें।
– बाजार क्षेत्र में दोपहिया वाहनों का उपयोग करें तथा निर्धारित एकांगी मार्ग व्यवस्था का पालन करें।
– सड़क पर अनाधिकृत पार्किंग कर अन्य नागरिकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न न करें।
त्योहार की खुशियां तभी पूरी हैं, जब सफर भी सुरक्षित और सुगम हो।
नर्मदापुरम पुलिस का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराना है। त्योहार के इस अवसर पर पुलिस प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह यातायात नियमों का पालन करे और व्यवस्था बनाए रखने में सहभागी बने।

