सोने से भरे डिब्बे समेटकर हुई थी रफू चक्कर
पुलिस टीम का व्यापारी महासंघ ने किया स्वागत
एसपी, एएसपी, एसडीओपी और थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम की सराहना
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
शहर में सोमवार को सराफा बाजार से एक शातिर महिला राज ज्वैलर्स से सोने के जेवर से भरे डिब्बे समेट कर रफू चक्कर हो गई थी । दोपहर में हुई इस घटना से बाजार में अफरा तफरी का माहौल हो गया था और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई । पुलिस को सीसीटीवी के फुटेज उपलब्ध कराए गए। पुलिस ने वीडियो और फुटेज सार्वजनिक किया और लोगों से भी अपील की कि यह महिला जहां दिखे पुलिस को सहयोग करें और कंट्रोल रूम को सूचना दें। इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला, एएसपी अभिषेक राजन, एसडीओपी जितेंद्र पाठक के निर्देश और थाना प्रभारी गौरव बुंदेला के मार्गदर्शन में पुलिस टीम तैयार की और मुखबिर तंत्र सहित सीसीटीवी कैमरे की मदद से महिला को इटारसी के सराफा बाजार से गिरफ्तार करने की कार्रवाई की गई। इसको लेकर पुलिस अधीक्षक श्री शुक्ला ने मंगलवार को पत्रकारों को इसकी जानकारी दी।
24 घंटे के भीतर इटारसी से किया अरेस्ट
शातिर महिला को थाना कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर इटारसी सराफा व्यापारी से अरेस्ट किया। महिला ने ज्वेलर्स के संचालक को बेसमेंट के स्टोर रूम में बंद कर आभूषण चोरी कर भाग गई थी। महिला से सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गये। ज्ञात हो कि रघुनाथ गली स्थित राज ज्वेलर्स दुकान पर फरियादी आशीष कुमार जैन 63 वर्षीय द्वारा मामला दर्ज कराया गया था। उन्होंने बताया था कि स्कार्फ बांधी एक अज्ञात महिला ग्राहक बनकर आई। चर्म रोग का बहाना उसने स्कार्फ हटाने से इंकार करने वाली इस महिला ने पहले मंगलसूत्र का पेंडल देखा और टॉप्स दिखाने को कहा और जैसे ही फरियादी उन्हें लेने बेसमेंट के स्टोर रूम में गए, महिला ने बाहर से दरवाजा बंद कर काउंटर की दराज से सोने-चाँदी के आभूषणों के डिब्बे चुराकर फरार हो गई। थाना प्रभारी कोतवाली द्वारा पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ल को तत्काल घटना से अवगत कराकर आवश्यक दिशा निर्देश प्राप्त किये गए। थाना कोतवाली में पृथक-पृथक टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों लगे लगभग 250 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए तकनीकि साक्ष्य एकत्रित कि चूंकि इस प्रकार की घटना पूर्व में इटारसी में भी हो चुकी थी। इटारसी और नर्मदापुरम कैमरा फुटेज को खंगालते हुए संदिग्ध महिला को चिन्हित किया गया। पुलिस टीम द्वारा इटारसी पहुंचकर, घेराबंदी कर उक्त महिला को पुलिस अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम चाहत मंसूरी उर्फ मुस्कान लोट पति निखिल लोट, उम्र 28 वर्ष, निवासी इटारसी बताया और घटना करना स्वीकार किया। आरोपियां के कब्जे से चोर पूर्ण आभूषण जप्त कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियां ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसने घटना के दौरान पहने कपड़े, स्कार्फ और जला दिए। सुनार की दुकान से चोरी किये गए आभूषणों के डिब्बों को भी उसने जला दिए । महिला शातिर किस्म की अपराधी है। पूर्व में भी उसने इटारसी के सराफा बाजार में टीके (मोडस ऑपरेंडी) से एक चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपियां से वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला, उनि वंशज श्रीवास्तव, उनि विशाल नागवे, उनि संजय रघुवंशी, प्र.आर. रितेश यदुवंशी, प्र.आर. राकेश भिलाला, म.प्र.आर. मनीषा कुमरे, आर. अजमेश चंद्रोल, आर. अविनाशी हरोडे (विशेष भूमिका), आर. हरीश डिगरसे, म.आर. समीना खान, आर. सतीश नागवंशी, आर. धर्मेंद्र परिहार, आर. संतोष धाकड़, आर. विक्की राठौर, आर. रोहन पवार तथा थाना देहात के आर. कपिल विश्वकर्मा, आर. जितेंद्र एवं आर. सुनील साहू, सायबर सेल से आर. संदीप एवं आर. दीपेश।
साइबर टीम की सक्रिय भूमिका
इस पूरे मामले में साइबर टीम की सक्रिय भूमिका रही। साइबर टीम प्रभारी प्रवीण मालवीय सहित संदीप यदुवंशी, दीपेश , प्रशांत राजपूत , जितेंद्र शेषकर सागर कुशवाहा , शालिगराम उइके की भूमिका रही। तुरंत ही सीसीटीवी सहित अन्य माध्यम से महिला का पता लगाया गया और 24 घंटे के अंदर ही अरेस्ट करने की कार्रवाई की गई।
सराफा और व्यापारी महासंघ ने किया टीम का स्वागत, सम्मान
पुलिस द्वारा ताबड़तोड़ कार्रवाई कर 24 घंटे के अंदर महिला को गिरफ्तार करने पर सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष गणेश सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम का धन्यवाद दिया और शाल श्रीफल से उनका सम्मान किया । टीम को 51 हजार रुपए की राशि दी गई थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें वापस कर दिया। इसके साथ ही सराफा एसोसिएशन और व्यापारी संघ के भी अनेक पदाधिकारियों ने भी पुलिस टीम का स्वागत सम्मान किया।
पुलिस ने कहा सीसीटीवी हमेशा चालू रखें
पुलिस ने सराफा व्यापारियों से अपील है कि चेहरा ढककर आने वाले ग्राहकों के प्रति सतर्क रहें। ग्राहक की मौजूदगी में दुकान या काउंटर खुला छोड़कर न जाए और दुकान के सीसीटीवी कैमरे हमेशा चालू रखें। कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर काल नज़दीकी थाने या डायल 112 पर सूचना दें।

