पं.रामलाल शर्मा कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन में आयोजित हुआ साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पंडित रामलाल शर्मा कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन में विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया के खतरों से आगाह करने और ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर सुरक्षा पर एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रिंस जैन के नेतृत्व में संपन्न हुआ।कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी जितेंद्र पाठक उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय और महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। श्री पाठक ने डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई फ्रॉड और संदिग्ध लिंक से होने वाली धोखाधड़ी के तरीकों को समझाया और इनसे सतर्क रहने की सलाह दी। विद्यार्थियों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स के पासवर्ड मजबूत रखने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करने और निजी जानकारी को अजनबियों के साथ शेयर न करने के लिए प्रेरित किया गया। किसी भी प्रकार के साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या आधिकारिक पोर्टल (cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया बताई गई। प्राचार्य डॉ. प्रिंस जैन ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में विद्यार्थियों के लिए साइबर सुरक्षा का ज्ञान होना अत्यंत आवश्यक है।

