
नर्मदापुरम / शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, तकनीकी ज्ञानवर्धन एवं भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से उद्यमिता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं करियर मार्गदर्शन विषयों पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती नीतू यादव, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ उद्यमिता, नवाचार एवं आत्मनिर्भरता का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश के विकास की आधारशिला है और युवाओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों के प्रति जागरूक रहते हुए अपने कौशल को समयानुकूल विकसित करने तथा सामाजिक दायित्वों के प्रति संवेदनशील बने रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विवेक गौर विधायक प्रतिनिधि ने अपने उद्बोधन में कहा कि तकनीकी शिक्षा विद्यार्थियों को रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ स्वयं के उद्यम स्थापित करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की क्षमता भी प्रदान करती है। वर्तमान डिजिटल युग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीकों का ज्ञान विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने विद्यार्थियों को इन तकनीकों का सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग करने, व्यावहारिक ज्ञान अर्जित करने तथा अपने कौशल और योग्यता के अनुरूप करियर का चयन करने की सलाह दी।
कार्यशाला के प्रथम दिवस में विभिन्न विशेषज्ञों द्वारा उद्यमिता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं करियर मार्गदर्शन में आधुनिक तकनीकी प्रगति से संबंधित विषयों पर व्याख्यान प्रस्तुत किए गए।
डॉ. नवीन शुक्ला, महाप्रबंधक, उद्योग, नर्मदापुरम ने उद्यमिता, स्वरोजगार एवं उद्योग स्थापना की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को रोजगार तलाशने के साथ-साथ रोजगार सृजन की दिशा में भी प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. आर. के. चोलकर, प्राचार्य, शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, इटारसी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विषय पर व्याख्यान दिया तथा विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी परिवर्तनों एवं उनके व्यावहारिक उपयोगों से अवगत कराया।
श्रीमती विद्यावती सूर्यवंशी, शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, इटारसी ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में आधुनिक तकनीकों एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं श्रीमती शिवांगी मालवीय, शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय इटारसी ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में नवीन प्रगति एवं तकनीकी नवाचारों के संबंध में जानकारी दी।
इसके अतिरिक्त श्रीमती ऋतु मालवीय नर्मदापुरम एवं श्रीमती पल्लवी नरवरे, शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय इटारसी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को इस तकनीक की उपयोगिता, संभावनाओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में इसके बढ़ते प्रभाव से परिचित कराया।
डॉ. सुखदेव डोंगरे, पूर्व जिला समन्वयक, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), बैतूल ने सामाजिक सहभागिता, युवा नेतृत्व एवं समाज के प्रति उत्तरदायित्व के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का आयोजन आर. आर. चंद्राकर, विभागाध्यक्ष, MOM अंकुर सक्सेना, विभागाध्यक्ष, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग; सौरभ कैथवास, विभागाध्यक्ष, मैकेनिकल इंजीनियरिंग; एवं सिद्धार्थ विभागाध्यक्ष, सिविल इंजीनियरिंग के संयोजन में किया गया।
महाविद्यालय के समस्त अधिकारी, व्याख्याता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यशाला के सफल आयोजन में सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी. सी. नरवरे ने आभार प्रदर्शन करते हुए सभी अतिथियों, विशेषज्ञ वक्ताओं, आयोजन समिति के सदस्यों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
महाविद्यालय परिवार ने कार्यशाला के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अतिथियों एवं विशेषज्ञों के प्रति आभार व्यक्त किया।

