ज्ञानोदय विद्यालय में सड़क सुरक्षा एवं नागरिक दायित्व पर जागरूकता
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सड़क सुरक्षा के चलते यातायात पुलिस द्वारा ज्ञानोदय विद्यालय में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा, निरीक्षक सुनीता पटेल एवं निरीक्षक सूरज जमरा द्वारा सड़क सुरक्षा और नागरिक दायित्व विषय पर व्याख्यान देकर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। श्री मिश्रा ने कहा सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी क्योंकि सड़क सुरक्षा के नियम तब भी लागू रहते हैं जब सड़कों पर पुलिस नहीं होती है यह नियम जान बचाने के लिए है न कि चालान बचाने के लिए। उन्होंने वैश्विक परिदृश्य में सड़क सुरक्षा की स्थिति तथा भारत में सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि की गंभीरता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण है, लेकिन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आम नागरिकों की जागरूकता, अनुशासन और जिम्मेदार व्यवहार भी उतना ही आवश्यक है। यातायात नियमों का पालन केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपने और दूसरों के जीवन की रक्षा के लिए किया जाना चाहिए। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई, ताकि वे अपने दैनिक जीवन में जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बनने का संकल्प लें।
निरीक्षक सुनीता पटेल ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।निरीक्षक सूरज जमरा ने विद्यार्थियों को सीपीआर का अर्थ, इसकी मूल प्रक्रिया तथा हृदय गति रुकने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में इसकी उपयोगिता के बारे में बताया। उन्होंने समझाया कि सड़क दुर्घटना अथवा अन्य आपात स्थिति में समय पर सहायता उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान ज्ञानोदय विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती वंदना श्रीवास्तव, व्याख्याता जगदीश रघुवंशी, उमेश हनोते, शिक्षक लखन लाल दुबे, अतिथि शिक्षक संतोष मौर्य, पीटीआई नंदकिशोर यादव , श्रीमती शिवानी राजपूत एवं श्रीमती निधि राजपूत उपस्थित रहे।

