


नर्मदापुरम / मध्यप्रदेश शासन की सरल, पारदर्शी एवं उद्योग हितैषी नीतियों के चलते नर्मदापुरम जिला तेजी से नवकरणीय ऊर्जा एवं ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। इसी क्रम में मोहासा औद्योगिक क्षेत्र में 46 एकड़ भूमि पर लूनो रिन्यूएबल पार्क की स्थापना की जा रही है। पार्क का भूमिपूजन कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा एवं संस्थान के संस्थापक प्रदीप महिंद्राटा, शुभम महिंद्राटा, तरूण गुलाटी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मोटिवेशनल स्पीकर एवं संस्थान के सह संस्थापक डॉ. विवेक बिंद्रा भी उपस्थित रहे। लूनो रिन्यूएबल पार्क की स्थापना से जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इस परियोजना से हजारों युवाओं को रोजगार मिलने की संभावनाएं हैं। इसके अतिरिक्त स्थानीय सप्लायर, ट्रांसपोर्टर तथा अन्य सेवा प्रदाताओं को भी व्यापार एवं व्यवसाय के नए अवसर प्राप्त होंगे।
एक ही स्थान पर होगा सौर ऊर्जा उपकरणों का निर्माण….
लूनो रिन्यूएबल पार्क की प्रमुख विशेषता यह है कि यहां सौर ऊर्जा से संबंधित विभिन्न उपकरणों का निर्माण एक ही परिसर में किया जाएगा। पार्क में सोलर मॉड्यूल, इन्वर्टर तथा बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम के उत्पादन की व्यवस्था विकसित की जाएगी। सेल से लेकर तैयार सिस्टम तक विभिन्न चरणों में गुणवत्ता नियंत्रण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इस एकीकृत विनिर्माण व्यवस्था से सौर ऊर्जा उपकरणों के उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा तथा नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में देश की विनिर्माण क्षमता को मजबूती प्रदान करने में मदद मिलेगी।
परियोजना के अंतर्गत प्रदेश के इंजीनियरों, तकनीशियनों एवं प्लांट ऑपरेटरों को कौशल प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को आधुनिक औद्योगिक तकनीकों एवं उत्पादन प्रक्रियाओं में दक्ष बनाना है, ताकि वे संबंधित संयंत्रों में कार्य करने के लिए सक्षम हो सकें। स्थानीय स्तर पर कौशल विकास एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध होने से युवाओं को अपने जिले में ही रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। साथ ही, परियोजना से जुड़े सहायक उद्योगों एवं सेवा क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
भूमिपूजन अवसर पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के औद्योगिक विकास के विजन के अनुरूप मध्यप्रदेश ग्रीन एनर्जी एवं स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश को ग्रीन एनर्जी के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में नर्मदापुरम जिला भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम में देश की प्रमुख ग्रीन एनर्जी कंपनियां अपने उत्पादन एवं औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार कर रही हैं। पूर्व में ग्रू सोलर का उत्पादन चरण भी प्रारंभ हो चुका है। जिले में नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े बड़े औद्योगिक निवेश आने से नर्मदापुरम की पहचान एक प्रमुख ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग केंद्र के रूप में स्थापित होगी।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक निवेश से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही, स्थानीय व्यापार, परिवहन एवं सेवा क्षेत्र को भी इसका लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नर्मदापुरम जिला प्रदेश को ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देगा।
सरल औद्योगिक नीतियों से मध्यप्रदेश बन रहा ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग हब : श्री शुभम महिन्द्रता…..
लूनो रिन्यूएबल पार्क के संस्थापक शुभम महिन्द्रता ने कहा कि भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन की औद्योगिक प्रोत्साहन नीतियों तथा निवेशकों के अनुकूल वातावरण के कारण नर्मदापुरम में इस परियोजना की स्थापना की दिशा में कदम बढ़ाना संभव हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में सरल, तेज एवं निवेश अनुकूल औद्योगिक नीतियों के कारण बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट स्थापित करने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है।
श्री महिन्द्रता ने कहा कि मध्यप्रदेश तेजी से भारत के नए ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित हो रहा है। लूनो रिन्यूएबल पार्क इस विकास यात्रा का हिस्सा बनकर गौरवान्वित है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में विनिर्माण को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक विकास के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मोहासा औद्योगिक क्षेत्र में लूनो रिन्यूएबल पार्क की स्थापना नर्मदापुरम जिले में नवकरणीय ऊर्जा आधारित उद्योगों के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। परियोजना के माध्यम से सौर ऊर्जा उपकरणों के निर्माण, तकनीकी कौशल विकास, स्थानीय उद्यमों की भागीदारी तथा रोजगार सृजन को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

