
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / नर्मदापुरम–हरदा मार्ग स्थित धर्मकुंडी रेलवे ओवरब्रिज के खतरनाक 90 डिग्री मोड़ पर हो रहे हादसों को लेकर मीडिया की खबर और ग्रामीणों की मांग पर प्रशासन ने संज्ञान लिया है। जनपद पंचायत सदस्य शेरसिंह दरबार की सक्रियता के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ढलान पर स्पीड ब्रेकर व रंबल स्ट्रिप्स का निर्माण शुरू करा दिया है।
निर्माण के दौरान जनपद सदस्य शेरसिंह दरबार स्वयं मौके पर मौजूद रहे और कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि एक वर्ष में 50 से अधिक हादसों वाले इस अंधे मोड़ पर वर्तमान में तात्कालिक राहत के लिए स्पीड ब्रेकर और संकेतक लगाए जा रहे हैं। भविष्य में बनने वाले नए टू-लेन प्रोजेक्ट में भूमि अधिग्रहण कर इस मोड़ को पूरी तरह सीधा कराया जाएगा। इस त्वरित पहल के लिए ग्रामीणों व राहगीरों ने जनपद सदस्य और पत्रकार बंधुओं का आभार जताया है।

