

नर्मदापुरम / सिवनी / राज्य स्तरीय अंडर-17 हॉकी प्रतियोगिता में नर्मदापुरम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में उज्जैन को 4-3 से पराजित कर चैंपियनशिप अपने नाम की।
प्रतियोगिता में नर्मदापुरम टीम का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा। टीम ने अपने पहले मुकाबले में भोपाल को रोमांचक मुकाबले में 4-3 से हराया। दूसरे मैच में उज्जैन के विरुद्ध नर्मदापुरम को 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद टीम ने शानदार वापसी करते हुए जनजातीय क्षेत्र की टीम को 2-1 से पराजित किया तथा रीवा के विरुद्ध 6-0 से शानदार जीत दर्ज की।
सेमीफाइनल में नर्मदापुरम और ग्वालियर के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 4-4 की बराबरी पर रहीं। इसके बाद शूटआउट में नर्मदापुरम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया और फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में नर्मदापुरम और उज्जैन के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। नर्मदापुरम के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 4-3 से जीत दर्ज कर राज्य स्तरीय खिताब पर कब्जा जमाया।
अक्षत अहिरवार का शानदार प्रदर्शन….
पूरे टूर्नामेंट में नर्मदापुरम के अक्षत अहिरवार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 8 गोल किए और टीम की खिताबी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा हर्ष मालवीय और जितेंद्र कहार ने भी महत्वपूर्ण गोल कर टीम की जीत में योगदान दिया।
नर्मदापुरम की इस शानदार उपलब्धि पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है। जिला खेल विभाग की ओर से पूरी टीम को इस शानदार सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

