

नर्मदापुरम / नर्मदापुरम जिले के ग्राम रैसलपुर की होनहार सेलिंग खिलाड़ी हर्षिता तोमर ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। हर्षिता ने यह उपलब्धि शीतल वर्मा के साथ मिलकर हासिल की। उनकी इस सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरे नर्मदापुरम जिले में खुशी का माहौल है।
हर्षिता तोमर इससे पहले भी वर्ष 2018 में जकार्ता में आयोजित एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतकर देश और जिले का गौरव बढ़ा चुकी हैं। एक बार फिर एशियन गेम्स में पदक हासिल कर हर्षिता ने अपनी खेल प्रतिभा और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया है।
हर्षिता की इस उपलब्धि पर जिलेवासियों, खेल प्रेमियों और उनके परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। उनकी सफलता जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने हर्षिता तोमर की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। उन्होंने हर्षिता के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता से नर्मदापुरम जिले का गौरव बढ़ा है और यह उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

