

नर्मदापुरम / देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) से शुरू हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत नर्मदापुरम नगरपालिका परिसर में एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शहर को साफ-सुथरा रखने वाले स्वच्छता दूतों (सफाई मित्रों) का विशेष रूप से पुष्पहार, गमछा देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम से पूर्व अलसुबह मां नर्मदा के विभिन्न घाटों पर जनप्रतिनिधियों और नागरिकों द्वारा व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।
मन, वचन और कर्म से स्वच्छता दूतों का सम्मान – विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा……
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा ने अपने संबोधन में स्वच्छता कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि, आज वह अवसर है जब हम मन, वचन और कर्म से आपका सम्मान कर रहे हैं। आपके कंधों पर जो जिम्मेदारी है, वह हमारे नगर के स्वास्थ्य और सुंदरता के लिए अत्यंत आवश्यक है। आप सभी के प्रयासों से ही हमारा नगर स्वच्छता के मामले में सर्वोपरि बन सकता है।
प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान से शुरू हुआ था अभियान – माया नारोलिया……
राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने अपने अनुभव सांझा करते हुए कहा कि जब वह नगरपालिका अध्यक्ष थीं, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर उन्होंने स्वयं हाथ में झाड़ू उठाकर स्वच्छता का संदेश दिया था। उन्होंने बताया कि उस समय सतरस्ते से एक विशाल वाहन रैली निकालकर जन-जागरूकता फैलाई गई थी। विधायक के सहयोग से शुरू हुआ वह निरंतर क्रम आज भी जारी है। उन्होंने सभी को गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्री जयंती की सभी को शुभकामनाएं दी।
सफाई मित्रों की मेहनत से बदल रही है तस्वीर – नपाध्यक्ष नीतू यादव……
स्वागत भाषण देते हुए नगरपालिका अध्यक्ष नीतू यादव ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से प्रारंभ हुए सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा कार्यों की रूपरेखा रखी। उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों की मेहनत के बल पर ही नर्मदापुरम स्वच्छता में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सफाई कर्मियों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि, हाल ही में जब आप दो दिनों के लिए कार्य पर नहीं थे, तो पूरे शहर की दशा बदल गई थी। शहर की असल खूबसूरती आपके ही हाथों में है।
अलसुबह स्वच्छता महाअभियान……
राज्यसभा सांसद माया नारोलिया और नपाध्यक्ष नीतू यादव के नेतृत्व में मां नर्मदा के घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। जिसमें जिला प्रशासन के अधिकारीगण, मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख, पार्षदगण, भाजपा कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम में उपस्थित रहे अतिथिगण…….
नपा में आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, कार्यसमिति सदस्य सविता दीवान शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष माधवदास अग्रवाल, महामंत्री मुकेश मैना, नपा में विधायक प्रतिनिधि महेंद्र यादव, मीडिया प्रभारी अमित माहाला, मंडल अध्यक्ष रूपेश राजपूत, पार्षदगण, पूर्व पार्षदगण, एल्डरमेन, मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख, स्वच्छ भारत अभियान प्रभारी अनुराग तिवारी, विशाल शर्मा, सतीष यादव, स्वच्छतादूत आदि उपस्थित थे।
संचालन व आभार……
कार्यक्रम का सफल संचालन रोहित गौर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख द्वारा किया गया।

