
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / शासकीय पी.एम. श्री विद्यालय सिवनी मालवा में 17 सितंबर से प्रारंभ हुए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ब्लॉक के सभी 11 संकुलों के 70 विद्यार्थियों ने सहभागिता की और अपने चित्रों के माध्यम से विकसित भारत की संकल्पना को जीवंत किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने कहा कि यह बच्चे भारत देश को विकसित करने में अपना योगदान निश्चित ही देंगे और प्रधानमंत्री के विकसित भारत के सपने को मूर्त रूप देने में अपना सर्वस्व न्यौछावर करेंगे। इस दौरान विधायक श्री वर्मा ने सभी विजेताओं को एक-एक हजार रुपए पारितोषिक देने की घोषणा की।
पूर्व जनपद अध्यक्ष मृगेंद्र सिंह मंडलोई ने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थी भी प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थियों से किसी भी बात में पीछे नहीं हैं, चाहे नृत्य कला हो, चित्रकला हो या कोई अन्य विधा।
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष पारिख ने केंद्र और मध्यप्रदेश शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से विद्यार्थियों और शिक्षकों को अवगत कराया। विधानसभा प्रभारी रघुवीर सिंह राजपूत और भाजपा कार्यकर्ता यशवंत सिंह पटेल ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
प्रभारी बीआरसीसी सिवनी मालवा संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि चयनित विद्यार्थी 26 सितंबर को नर्मदापुरम में होने वाली जिला स्तरीय शालेय चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
कार्यक्रम में जितेन्द्र सिंह चौहान, वरूण रघुवंशी, प्रवीण अवस्थी, जितेंद्र जमींदार, विशाल राजपूत सहित जनप्रतिनिधि, प्रभारी बीआरसी संतोष कुमार शर्मा, एस.के. धनवारे, संकुल प्राचार्य सुरेन्द्र सिंह पाटिल, वंदना मिश्रा, संगीता पुरोहित, सुनील कुमार झरानिया, राममोहन रघुवंशी, विजय कीर उपस्थित रहे। संचालन सांदीपनि विद्यालय के सुनील कुमार यादव व के.पी. लौवंशी ने किया तथा आभार प्रदर्शन सहायक संचालक योगेश मनोहरे ने किया।

