
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा में अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर नगर में भक्तिमय माहौल रहा। नगर के छोटे-छोटे बच्चों ने बड़े उत्साह और भक्तिभाव के साथ भगवान श्री गणेश जी को भावभीनी विदाई दी।
नगर के विभिन्न मोहल्लों में स्थापित गणेश पंडालों से बच्चों ने “गणपति बाप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों के साथ प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए ले जाया। इस दौरान बच्चे ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते हुए चल रहे थे। कुछ बच्चों द्वारा सिर पर गणेश जी को बैठाकर विदा किया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा।
बच्चों द्वारा बनाई गई छोटी-छोटी झांकियां और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते पोस्टर विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कई स्थानों पर बच्चों ने मिट्टी से बने गणेश जी की स्थापना की थी, ताकि पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे।
अभिभावकों ने भी अपने बच्चों के साथ उत्साहपूर्वक गणेश जी को विदाई दी। पूरे नगर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

