नर्मदापुरम / यशोदा बाई सेवा समिति के तत्वावधान में शहर के करीब 26 गणेश मंडलों को संकल्प पत्र वितरित किए गए। समिति के इस पहल को सभी गणेश मंडलों ने धार्मिक भावनाओं और समाज हित में एक सराहनीय प्रयास बताया।
समिति की ओर से राजा मोहल्ला गणेश उत्सव समिति, कसेरा मोहल्ला गणेश उत्सव समिति, सिंधी कॉलोनी गणेश उत्सव समिति, जयस्तंभ चौक गणेश उत्सव समिति एवं अमर चौक गणेश उत्सव समिति सहित 26 मंडलों को संकल्प पत्र दिए गए।
संकल्प पत्र के माध्यम से सभी गणेश मंडलों से विशेष अनुरोध किया गया है कि –
1. विसर्जन कुंड में करें विसर्जन – गणेश प्रतिमा का विसर्जन मां नर्मदा में न करते हुए नगर पालिका प्रशासन द्वारा बनाए गए विसर्जन कुंड में ही करें, जिससे मां नर्मदा को प्रदूषित होने से बचाया जा सके।
2. भजनों का उपयोग करें – धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए डीजे पर फिल्मी गानों के स्थान पर भगवान के भजन व धार्मिक गीतों का प्रयोग करें।
3. स्वच्छता का रखें ध्यान – गणेश विसर्जन के दौरान स्वागत स्थलों पर कागज की खाली प्लेट, दोने, केले के छिलके, पानी की बोतलें सड़क पर न फेंकें, डस्टबिन का उपयोग करें, ताकि शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग मिल सके।
इस पुनीत कार्य में देवेंद्र दुबे, विजय दुबे, संगीता दुबे, रक्षा दुबे, पुष्पा हनोतिया, दया नवलानी, आरती दुबे, स्मिता गौर का विशेष योगदान रहा।

