दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. संजय गोयल ने नर्मदापुरम जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रमुख सचिव डॉ. गोयल ने जिले के शासकीय माध्यमिक शाला जासलपुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नीमसाड़िया एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पांजराकला का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और शिक्षण अधिगम प्रक्रिया को देखा। विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना की गुणवत्ता, विद्यार्थियों को पाठ्य-पुस्तकों के वितरण की स्थिति, शाला में उपलब्ध ‘जादुई पिटारा’ के उपयोग, एफ एल एन प्रशिक्षण से शिक्षकों और विद्यार्थियों को हो रहे लाभ की समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने ई-अटेंडेंस प्रणाली, आईसीटी लैब, स्मार्ट पैनल, पुस्तकालय, कैरियर काउंसलिंग तथा अन्य शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों का भी अवलोकन किया। डॉ. गोयल ने शिक्षकों के साथ बैठक कर विभागीय योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में सुधार, तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग और विद्यार्थियों को बेहतर कैरियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं संबंधित विद्यालयों के शिक्षक-स्टाफ उपस्थित रहे।

