मां नर्मदा की महाआरती और नर्मदाष्टक के सामूहिक पाठ से
कार्यक्रम बना सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक
हजारों नागरिक बने ऐतिहासिक ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के साक्षी
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित होने वाले सेवा से संकल्प अभियान का शुभारंभ ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के माध्यम से किया गया। भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सेवा और जिम्मेदारी के 25 वर्ष पूर्ण होने पर नर्मदापुरम में अयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम उनकी जन सेवा और जिम्मेदारी को समर्पित रहा। जन सेवा और सुशासन को समर्पित यह आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम में नागरिकों की सहभागिता ने अभियान की सार्थकता को प्रमाणित किया। अभियान का उद्देश्य जनसेवा, सुशासन, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण की भावना को और अधिक सशक्त बनाना है। इसी क्रम में नर्मदापुरम जिले में आयोजित दीपोत्सव ने सेवा, आस्था और सामूहिक सहभागिता का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। सेवा से संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम में नर्मदापुरम जिले ने अपनी सशक्त सहभागिता दर्ज कराई। गुरुवार को मां नर्मदा के पावन तट पर स्थित प्रसिद्ध सेठानी घाट पर 51 हजार दीपों का भव्य प्रज्वलन किया गया। हजारों दीपों की स्वर्णिम आभा से सेठानी घाट जगमगा उठा और पूरा नर्मदा तट दीपावली जैसी अलौकिक रोशनी से नहाया नजर आया। दीपों की कतारों ने घाट की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। इस मनोहारी एवं भव्य दृश्य के साक्षी जिले के हजारों नागरिक बने।
दीपों की रोशनी में निखरा सेठानी घाट, उमड़ा जनसैलाब
सेठानी घाट पर आयोजित दीपोत्सव के दौरान घाट का प्रत्येक कोना दीपों की रोशनी से आलोकित हो उठा। मां नर्मदा की लहरों पर झिलमिलाती दीपों की आभा ने वातावरण को अत्यंत मनोहारी बना दिया। श्रद्धा और उत्साह से भरे नागरिकों ने इस ऐतिहासिक आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता की। बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति से सेठानी घाट पर उत्सव का वातावरण बना रहा। दीप प्रज्वलन के दौरान नागरिकों ने जनसेवा, सामाजिक दायित्व और सुशासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। साथ ही 51 हजार दीपों को प्रज्वलित कर इस आयोजन को नर्मदापुरम जिले की सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बनाया।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा को समर्पित आयोजन
उल्लेखनीय है कि जनसेवा और सुशासन को समर्पित यह दीपोत्सव प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं सुशासन के क्षेत्र में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से उनकी सेवा भावना, जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता और राष्ट्रहित में किए जा रहे कार्यों के प्रति सम्मान एवं समर्पण व्यक्त किया गया। ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम में नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने सेवा से संकल्प अभियान की भावना को मजबूती प्रदान की। यह आयोजन केवल दीप प्रज्वलन तक सीमित न रहकर जनसेवा, सामाजिक दायित्व, आस्था और सामूहिक सहभागिता का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण अवसर बना।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने की सहभागिता
भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के मुख्यसचिव श्री अशोक बर्णवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, सोहागपुर विधायक श्री विजयपाल सिंह, जनप्रतिनिधि श्रीमती प्रीति शुक्ला, नगर पालिका नर्मदापुरम अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, जनपद पंचायत नर्मदापुरम अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे, मध्यप्रदेश तैराकी संघ अध्यक्ष पीयूष शर्मा, संभागायुक्त श्रीकांत बनोठ, सीसीएफ अशोक कुमार, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, डीआईजी संतोष सोलंकी, एसपी साईं कृष्णा एस थोटा, डीएफओ गौरव शर्मा, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नर्मदापुरमवासी उपस्थित रहे जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर सेवा से संकल्प अभियान के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मां नर्मदा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए जनसेवा और सामाजिक कल्याण के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
मां नर्मदा की दिव्य महाआरती से भक्तिमय हुआ वातावरण
दीपोत्सव के साथ मां नर्मदा की दिव्य एवं भव्य महाआरती का आयोजन भी किया गया। महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से मां नर्मदा की आराधना की। इसके पश्चात मां नर्मदाष्टक का सामूहिक सस्वर पाठ किया गया। नागरिकों ने एक स्वर में मां नर्मदा की स्तुति करते हुए उनकी चरणवंदना की। महाआरती और नर्मदाष्टक के सामूहिक गायन से सेठानी घाट का वातावरण आध्यात्मिक एवं भक्तिमय हो उठा। मां नर्मदा के जयकारों और दीपों की रोशनी ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया।
आकर्षक आतिशबाजी ने बढ़ाई दीपोत्सव की रौनक
कार्यक्रम के दौरान मां नर्मदा के तट पर आकर्षक आतिशबाजी भी की गई। आसमान में बिखरी रंग-बिरंगी रोशनी और घाट पर जगमगाते 51 हजार दीपों ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। नागरिकों ने इस मनोहारी दृश्य का आनंद लिया और दीपोत्सव के उल्लास में सहभागिता की।
सेवा से संकल्प अभियान के उद्देश्यों को मिली मजबूती
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित होने वाले सेवा से संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में विभिन्न जनकल्याणकारी, सामाजिक एवं सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। नर्मदापुरम में आयोजित 51 हजार दीपों का यह दीपोत्सव अभियान के प्रति जनभागीदारी और नागरिकों की प्रतिबद्धता का प्रभावी उदाहरण रहा। सेठानी घाट पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम ने नर्मदापुरम की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई गरिमा प्रदान की। मां नर्मदा की पावन धारा, दीपों की जगमगाहट, महाआरती की आध्यात्मिक ऊर्जा और नागरिकों की सामूहिक सहभागिता ने इस अवसर को अविस्मरणीय बनाया।

