
नर्मदापुरम / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन एवं सार्वजनिक सेवा में उनके 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को स्थानीय चित्रगुप्त घाट पर अखिल भारतीय कायस्थ समाज की मातृशक्ति एवं पुरुषों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। समाजजनों ने घाट परिसर में श्रमदान करते हुए साफ-सफाई की और स्वच्छता का संकल्प लिया। इस मौके पर मंजुला श्रीवास्तव, मातृशक्ति अध्यक्ष ज्योति वर्मा, प्रीती खरे, सुमन वर्मा, रितु श्रीवास्तव, प्रिया श्रीवास्तव, अनीता वर्मा, विजय वर्मा, अशोक वर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा, समाजसेवी सुनील राय, ऋषिकेश श्रीवास्तव, मनोज वर्मा, प्रत्यक्ष खरे, जानकी, लालता प्रसाद, अदिति वर्मा साहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रखर समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त शिक्षिका मंजुला श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उनके कार्यकाल एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर स्वच्छता अभियान के माध्यम से सेवा कार्य करना समाज के लिए प्रेरणा दायी है।
स्वच्छता सभी की सामूहिक जिम्मेदारी….
वहीं बैंक अधिकारी विजय वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान एवं स्वच्छ देश की परिकल्पना पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर चित्रगुप्त घाट पर साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में मातृशक्ति द्वारा नगर पालिका के सफाई कर्मचारी भगवानदास का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। इसके बाद भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना की गई। पूजा के पश्चात मां नर्मदा की महाआरती की गई। कार्यक्रम के दौरान सेठानी घाट, कोरी घाट सहित अन्य घाटों पर जरूरतमंद लोगों को फल-फ्रूट का वितरण किया गया ।

