

नर्मदापुरम / शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी में एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ का भव्य एवं गरिमामय शुभारंभ गुरुवार दिनांक 17 सितंबर से किया गया। कार्यक्रम का आरंभ में प्रभारी प्राचार्य डॉ. हरप्रीत रंधावा द्वारा वरिष्ठ प्राध्यापकों की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात प्रभारी प्राचार्य द्वारा उपस्थित समस्त प्राध्यापकगण, महाविद्यालयीन स्टाफ एवं छात्राओं को सेवा संकल्प शपथ दिलाई गई। सभी ने देश की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने, बिना किसी भेदभाव के समाज की निस्वार्थ सेवा करने, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता अभियान एवं नागरिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया।
अपने प्रेरक उद्बोधन में डॉ. रंधावा ने कहा कि आज के समय में युवा शक्ति में सेवा का भाव होना अत्यंत आवश्यक है। सेवा संकल्प से ही व्यक्तित्व का निर्माण होता है और यही छोटा सा संकल्प आगे चलकर विकसित भारत 2047 के बड़े सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की संयोजक एवं नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पाटिल, सहायक प्राध्यापक (हिंदी) रहीं, जिन्होंने अंत में सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

