
नर्मदापुरम / बनखेड़ी थाना अंतर्गत ग्राम मलकजरा में किसानों से ऊंचे दाम में धान खरीदकर लगभग 60 लाख का चूना लगाने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने लगभग 1547 क्विंटल धान को ऊंचे दाम में किसानों से खरीदकर उनका भुगतान नहीं किया था और भाग गया था। तत्संबंध में बनखेड़ी थाना पुलिस ने बताया कि मामला 1 जनवरी 2025 से जनवरी 2026 के बीच का विवेचना के उपरांत 16 सितंबर 2026 में मामले में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार ग्राम मलकजरा निवासी फरियादी किसान शैलेंद्र पटेल बनखेड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि रायसेन जिले के बरेली निवासी ओमप्रकाश सोनी के द्वारा एक दर्जन के करीबन किसानों से 1547 क्विंटल धान ऊंचे दाम में खरीदी गई थी। जो कि लगभग 60 लाख रूपए के आसपास कीमत की है। जिसका भुगतान आज दिनांक तक ओमप्रकाश सोनी के द्वारा नहीं कर किसानों के साथ धोखाधड़ी की गई है। इस मामले में बनखेड़ी थाना पुलिस ने फरियादी शैलेंद्र पटेल सहित की रिपोर्ट पर आरोपी ओमप्रकाश सोनी बरेली निवासी के खिलाफ अपराध क्रमांक 259/2026 धारा- 318(4), 316(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
धोखाधड़ी का शिकार हुए ये किसान…
शेलेंद्र पटेल, शिवम पटैल. रामकुमार, राजीव, हेमन्त पवन, राजेश, भगवानदास,आधार सिंह, राजकुमार, तुलाराम पटेल, संतोष शंकरलाल आदि इन किसानों के साथ आरोपी ने लगभग 60 लाख रूपए की धोखाधड़ी की है।
आरोपी जेल में, अब बनखेड़ी पुलिस प्रोटेक्शन वारंट आरोपी को लेकर करेगी पूछताछ…
इधर बनखेड़ी थाना प्रभारी विजय सनस का कहना है कि आरोपी को कुछ दिनों पहले ही सोहागपुर पुलिस ने एक अन्य धान खरीदी के मामले में किसानों के साथ धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसी आरोपी के खिलाफ बनखेड़ी थाने में भी किसानों के साथ धान खरीदी के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी किए जाने के मामले में केस दर्ज किया गया है। जिस पर बनखेड़ी पुलिस के द्वारा जेल में बंद आरोपी ओमप्रकाश सोनी को प्रोटेक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।

