10 मीटर चौड़ी सड़क करने की मांग
नकुल मालवीय सिवनी मालवा।
नगर के व्यस्ततम मार्ग गांधी चौक से रेंज ऑफिस तक के मुख्य मार्ग पर रोजाना लग रहे लंबे यातायात जाम से आम जनता और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य बाजार का हिस्सा होने के कारण इस मार्ग पर दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन नगर पालिका की उदासीनता, अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण और प्रशासनिक अनदेखी के चलते यह मार्ग अब रोज की आफत बन चुका हैं। जाम के कारण एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं और स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है। कुछ ही मिनटों का सफर तय करने में लोगों को 15-20 मिनिट से अधिक का समय लग रहा है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई हो। वहीं तीज त्योहार पर तो यहां से पैदल निकलना भी दूभर हो जाता हैं। जिसकी वजह वर्षों पुरानी संकरी सड़क, बढ़ता व्यवसाय, हाथ ठेले, वाहन और अतिक्रमण मुख्य हैं। सोमवार को गणेश चतुर्थी और हरतालिका तीज जैसे त्योहार की भीड़भाड़ होने के चलते लोगों का आवागमन ज्यादा बढ़ गया था। वहीं गांधी चौक व मुख्य मार्ग पर लगे हाथठेलों, दुपहिया और चार पहिया वाहनों के चलते यातायात ठप हो गया था। जिसकी जानकारी किसी नागरिक ने पुलिस को दी। जिसके बाद नगर निरीक्षक नवीन कुमार पांडेय ने गांधी चौक पर पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला तब जाकर आवागमन सुचारू हो पाया।
प्रशासन अतिक्रमण हटवाकर कराएं चौड़ी करण
क्षेत्र के नागरिकों को वर्षों के इंतजार के बाद सिवनी मालवा नगर के मुख्य मार्ग को 10 मीटर चौड़ी सड़क शासन के माध्यम से मिली हैं। क्या गांधी चौक से रेंज ऑफिस चौक के अति संकरे मार्ग का भी चौड़ीकरण होगा या सरकार की 10 मीटर चौड़ी सड़क की महती योजना को चूना लगा दिया जाएगा
नपा की पार्किंग पर रसूखदारों का कब्जा, आमजन परेशान
नगर पालिका ने नर्मदा मंदिर चौक के पास काम्प्लेक्स बनाकर दुकानें तो आवंटित कर दी। जहा व्यापार भी जोरशोर से चल रहा हैं लेकिन उसके सामने आमजनों के लिए लाखों रुपए लगाकर बनाई पार्किंग पर नेताओं और रसूखदारों का कब्जा होने से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग अपने वाहन मुख्य मार्ग पर खड़ा कर देते हैं। जिसके चलते हर दिन मुख्य मार्ग पर वाहनों की लम्बी कतार लगी रहती हैं और क्षेत्र के व्यापारी, आमजन, महिला, पुरूष, बच्चे परेशान होते देखे जा सकते हैं।

