एसडीओपी ने दिए थे सख्त निर्देश लेकिन संचालक कर रहे उल्लंघन
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के मार्गदर्शन, एसडीओपी जितेंद्र पाठक के पर्यवेक्षण एवं थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन द्वारा पूर्व में डीजे संचालकों की बैठक बुलाकर समझाइश दी गई थी कि वे निर्धारित ध्वनि-मानकों एवं समय-सीमा का पालन करते हुए ही डीजे का संचालन करें। उन्हें यह भी अवगत कराया गया था कि अत्यधिक तेज ध्वनि में डीजे बजाने से आमजन को असुविधा होती है तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई किए जाने के संबंध में भी चेतावनी दी गई थी। रविवार रात को
गश्त के दौरान थाना कोतवाली पुलिस को सतरस्ता के पास मेन रोड पर डीजे वाहन क्रमांक एमपी 04 वाईपी 0630 से अत्यधिक तेज एवं कानफोड़ ध्वनि में संगीत बजता हुआ मिला।जांच के दौरान डीजे संचालक द्वारा सक्षम प्राधिकारी की वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं की गई तथा पूर्व में दी गई समझाइश एवं निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाया गया। इस पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डीजे वाहन एवं उसमें लगा साउंड सिस्टम जप्त किया है। डीजे संचालक ललित वर्मा, पिता कमल किशोर वर्मा रसूलिया के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

