पुलिस ने 48 घंटे में किया अंधे कत्ल का खुलासा
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
माखन नगर थाना अंतर्गत ग्राम मांगरोल निवासी आशाबाई पति लीलाधर यादव का शव सांगाखेड़ा कला रोड पर खेत के पास मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। मृतिका के पति लीलाधर यादव द्वारा घटना की सूचना दिए जाने पर थाना माखन नगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मर्ग जांच के दौरान घटनास्थल की परिस्थितियों, मृतिका के शरीर पर पाई गई चोटों तथा प्रारंभिक साक्ष्यों से यह तथ्य सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मृतिका पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की गई है। पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा द्वारा घटना का शीघ्र खुलासा कर आरोपी की गिरफ्तारी हेतु निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय अधिकारी सोहागपुर अरविन्द शाह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माखननगर निरीक्षक कंचनसिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर अलग-अलग बिंदुओं पर पतारसी प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण करने के साथ ही मृतिका की दिनचर्या, घटना के पूर्व की गतिविधियों, उसके संपर्क में रहे व्यक्तियों तथा घटना से संबंधित विभिन्न संभावित पहलुओं पर बारीकी से जांच की गई। साक्ष्यों के आधार पर ग्राम मांगरोल निवासी राजेश उर्फ मटरू पिता रामस्नेही यादव की भूमिका संदिग्ध पाई गई। उससे पूछताछ की गई। पूछताछ एवं विवेचना में सामने आए तथ्यों के अनुसार आरोपी का मृतिका से पूर्व परिचय था और दोनों के बीच संबंधों को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी । मृतिका द्वारा आरोपी से रुपयों की मांग की जाती थी तथा रुपये नहीं देने पर उसे प्रकरण में फंसाने की धमकी दिए जाने के कारण दोनों के बीच विवाद चल रहा था। 11 सितंबर की सुबह आरोपी एवं मृतिका के बीच पहले भी विवाद हुआ था। सुबह जब मृतिका अपने खेत की ओर जा रही थी, उसी दौरान रास्ते में पुनः दोनों का आमना-सामना हुआ और विवाद हुआ। आरोपी अपने घर से धारदार हथियार लेकर आया और रास्ते में मृतिका को रोककर उस पर हमला कर दिया।
आरोपी द्वारा मृतिका के पेट, छाती एवं पैरों पर चाकू से कई वार कर गंभीर चोटें पहुंचाई गईं जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया। सराहनीय भूमिका
थाना प्रभारी निरीक्षक कंचनसिंह ठाकुर, उनि. आकाशदीप पचाया, उनि. अशोक वरबडे, सउनि गोपाल पाल, प्र.आर. तरुण चंदेल, प्र.आर. सुनील नागले, प्र.आर. हरीश मालवीय, आर. शुभम राय, आर. रविन्द्र, म.आर. सलोनी खोरे एवं म.आर. स्वाति , साइबर सेल आरक्षक संदीप यदुवंशी, प्रशांत राजपूत, सागर कुशवाहा की रही।

