
नर्मदापुरम / शहर के बालागंज इलाके में पुरानी शिकायत की रंजिश को लेकर दो बहनों के साथ मारपीट करने और उनका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता साक्षी संकट और कसक संकट ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती आवेदन सौंपकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। आधी रात को घर का दरवाजा खटखटाकर बाहर खींचा और मारपीट की गई। पीड़िता के अनुसार, उन्होंने पूर्व में एक इंस्टाग्राम वीडियो को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर कार्रवाई हुई थी। इसी रंजिश के चलते 13 अगस्त की रात करीब 12 बजे कुमकुम गुहार, पूजा संकट, शोभा गौहर, कल्लू सौदा, अनुराग गौहर और अभिषेक गौहर उनके घर पहुंचे। दरवाजा खुलते ही आरोपियों ने पीड़िता को बाहर खींच लिया और उसके साथ झूमा झटकी व मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आई उसकी बहन के साथ भी मारपीट की गई। शोर सुनकर मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह दोनों बहनों को बचाया। कपड़े फाड़े, वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान पीड़ितों के कपड़े फाड़ दिए गए और इसका वीडियो बनाकर आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी खुलेआम धमकी दे रहे हैं कि जहां भी दिखोगी, दोबारा मारपीट करेंगे। कोतवाली पुलिस पर फटकार कर भगाने का आरोप पीड़िताओं ने स्थानीय कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। आवेदन के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद जब वे रिपोर्ट लिखाने थाना कोतवाली पहुंचीं, तो पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि रात करीब 4 बजे पुलिसकर्मियों ने उन्हें डांट-फटकार कर थाने से भगा दिया और बार-बार गुहार लगाने के बावजूद उन्हें घर तक सुरक्षित छोड़ने भी नहीं गए। पीड़ित बहनों ने एसपी से आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा सोशल मीडिया से आपत्तिजनक वीडियो हटवाने की मांग की है।

