
नर्मदापुरम / स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंण्डरी स्कूल की कक्षा 11वीं विज्ञान संकाय की प्रतिभाशाली छात्रा खुशी सिंह ने लक्ष्यार्थ MUN में शानदार प्रदर्शन करते हुए BIMSTEC समिति में ‘बेस्ट डेलीगेट’ का प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
लक्ष्यार्थ MUN के दौरान खुशी ने अपनी प्रभावशाली वक्तव्य क्षमता, विषय की गहरी समझ, आत्मविश्वास, तार्किक प्रस्तुतीकरण एवं कूटनीतिक दृष्टिकोण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनके प्रभावी प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें समिति के सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधि के रूप में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती माया निरोलिया ने विजेता प्रतिभागियों को भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं संसदीय कार्यप्रणाली को निकट से समझने के उद्देश्य से भारतीय संसद भवन, नई दिल्ली के शैक्षणिक भ्रमण का अवसर प्रदान किए जाने की घोषणा की थी।
इसी क्रम में अब लक्ष्यार्थ MUN के जनरल सेक्रेटेरिएट द्वारा खुशी सिंह से आगामी दिल्ली भ्रमण के संबंध में संपर्क किया गया है।
भारतीय संसद भवन का यह भ्रमण छात्रा के लिए भारतीय लोकतंत्र, संसदीय परंपराओं एवं देश की शासन व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। खुशी के लिए यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत गौरव का विषय है, बल्कि विद्यालय के लिए भी अत्यंत हर्ष एवं गर्व का क्षण है।
प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी ने विद्यार्थी खुशी सिंह की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार का मानना है कि ऐसे मंच विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, तार्किक चिंतन एवं राष्ट्रीय जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

