
नर्मदापुरम / मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड व जिला प्रशासन अगस्त माह में तामिया सावन महोत्सव का आयोजन करने जा रहे हैं, इस महोत्सव का उददेश्य छिंदवाड़ा में चल रहे ग्रामीण होम स्टे का प्रमोशन, पर्यटन विकास और स्थानीय पंरापरिक खेलों को बढ़ावा देना है। तामिया सावन महोत्सव 21 से 23 अगस्त 2026 तक चलेगा। जिला पुरात्तव,पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के माध्यम से होने वाले तामिया सावन महोत्सव में पर्यटकों के लिए सावन के झूले, आदिवासी आर्ट, हस्तशिल्प, हथकरघा की वस्तुओं की ब्रिकी, नेचर फोटोग्राफी प्रतियोगिता सहित अनेक प्रकार की गतिविधियां होंगी। यहां पर पर्यटकों के लिए पर्यटन ग्राम सावरवानी का शुद्ध देसी घी और पर्यटन ग्राम चोपना का स्वादिष्ट मावा भी बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। यहां आने वाले पर्यटक आदिवासी ड्रेस और बांस का मुकुट पहनकर सेल्फी भी ले सकते हैं।
सावन महोत्सव में विशेष गतिविधियां का आयोजन…..
सावन महोत्सव के लिए तामिया को विशेष तौर पर सजाया जा रहा है और सभी ट्रेकिंग पाइंट पर सुरक्षा व स्वच्छता के लिए खास तैयारी की गई है। सावन महोत्सव में देश के महानगरों से टूर ऑपरेटर भी सहभागिता करने आ रहें हैं, जो तामिया और आसपास के होम स्टे की खूबसूरती भी देखेंगे। कलेक्टर हरेंद्र नारायन, जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार के कुशल मार्गदर्शन में तामिया सावन महोत्सव की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं।
जुन्नारदेव एसडीएम सुश्री राज नंदनी ठाकुर को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी बनाया गया है। तामिया रेस्ट हाउस में बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। जिला पुरात्तव, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के नोडल अधिकारी बलराम राजपूत ने बताया कि 21 से 23 अगस्त 2026 तक होने वाले तीन दिवसीय तामिया सावन महोत्सव में स्थानीय नृत्य, लोककला और लोक संगीत को शामिल किया जा रहा है। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के सहयोग से सावन महोत्सव तामिया से सुप्रसिद्ध पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाऊस के पास होगा। यहां पर्यटकों के खान-पान के लिए अनेक स्टाल लगाए जाएंगे। सावन में झूलों का महत्व होता है, यहां आने वाले पर्यटक झूलों का आनंद उठा सकेंगे। पर्यटकों को वल्चर पांइट, चीड़ पांइट, छोटा महादेव, ग्वालगढ़ पहाड़ी, तुलतुला पहाड़ की ट्रेकिंग गाइड द्वारा करवाई जाएगी। पर्यटकों को तामिया ब्लाक के पर्यटन ग्रामों में संचालित होम स्टे तक पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी।
प्लास्टिक फ्री, जीरो वेस्ट रहेगा महोत्सव…..
कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार तामिया सावन महोत्सव को प्लास्टिक फ्री और जीरो वेस्ट बनाने के प्रयास होंगे। पूरे मेला क्षेत्र में डस्टबीन की व्यापक व्यवस्था होगी और वॉलीयंटर नजर रखेंगे। कचरा यहां-वहाँ फेंकने वालों पर जुर्माने का प्रावधान भी किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने प्लास्टिक का उपयोग न करने और स्वच्छता का ध्यान रखने की अपील सभी पर्यटकों से की है।

