दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
समर्पण संस्था और पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गनेरा में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बाल सुरक्षा पर केंद्रित एक विशेष जागरूकता एवं सहायता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, विशेषकर किशोरियों को शिक्षा, मासिक धर्म स्वच्छता एवं व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना था। 120 विद्यार्थियों को स्कूल बैग एवं एक वर्ष के लिए आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। इस सामग्री में नोटबुक, पेंसिल, ड्राइंग बुक सहित अन्य आवश्यक स्टेशनरी शामिल थी, जिससे बच्चों की नियमित पढ़ाई में सहायता मिल सके। इसके साथ ही लगभग 105 किशोरी बालिकाओं को कपड़े से बने पुनः उपयोगी सेनेटरी पैड्स प्रदान किए गए। इस अवसर पर मासिक धर्म स्वच्छता पर विस्तार से चर्चा की गई। बालिकाओं को मासिक धर्म से जुड़े मिथकों एवं सामाजिक वर्जनाओं के बारे में वैज्ञानिक जानकारी दी गई तथा स्वच्छता संबंधी आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि लैब परीक्षणित कपड़े से बने पुनः उपयोगी सेनेटरी पैड्स तीन से पांच वर्षों तक सुरक्षित रूप से उपयोग किए जा सकते हैं। ये पैड्स स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित होने के साथ साथ पर्यावरण के अनुकूल हैं तथा डिस्पोजेबल प्लास्टिक आधारित पैड्स की तुलना में लंबे समय में अधिक किफायती भी हैं।
बच्चों को बताया अनुचित व्यवहार पर ना रहे चुप
कार्यक्रम के दौरान नर्मदापुरम पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को गुड टच एवं बैड टच की जानकारी भी दी गई। बच्चों को बताया गया कि किसी भी असहज या अनुचित व्यवहार की स्थिति में उन्हें चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने माता पिता, शिक्षकों, परिवार के विश्वसनीय सदस्यों अथवा पुलिस से तुरंत संपर्क करना चाहिए। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की परेशानी में पुलिस हर संभव सहायता के लिए सदैव उपलब्ध है। समर्पण संस्था की संस्थापक डॉ. रुमा भार्गव ने बताया कि संस्था बालिकाओं के सशक्तिकरण एवं सुरक्षा के लिए 360 डिग्री दृष्टिकोण पर कार्य कर रही है। संस्था का प्रयास केवल सेनेटरी पैड्स उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, आत्मविश्वास तथा व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना भी है। उन्होंने बताया कि समर्पण वर्तमान में मध्य प्रदेश एवं राजस्थान के लगभग 500 विद्यालयों में कार्य कर रही है तथा अब तक लगभग 74,000 बच्चों तक शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पहुंच बना चुकी है। बाबई थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर ने बताया कि समर्पण संस्था द्वारा पिछले सप्ताह भी बागरा तवा शासकीय विद्यालय में लगभग 250 किशोरी बालिकाओं को पुनः उपयोगी सेनेटरी पैड्स वितरित किए गए थे। इसके अतिरिक्त कक्षा 1 से 8 तक के लगभग 120 विद्यार्थियों को स्कूल बैग एवं एक वर्ष की शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई थी। उन्होंने कहा कि समर्पण संस्था नर्मदापुरम जिले के केसला एवं बाबई विकासखंडों में लगातार शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का विस्तार किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं पुलिस अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा के लिए समर्पण संस्था एवं नर्मदापुरम पुलिस की इस संयुक्त पहल की सराहना की।

