क्यूआर कोड से ट्रांसफर किए 1 लाख 25 हजार
पुलिस चला रही अभियान रहे सावधान लेकिन फिर भी लोग हो रहे ठगी का शिकार
फर्जी सिम बेचने वाले बदमाश को दबोचा
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
शहर सहित जिले भर में साइबर ठगों का जाल फैला है। आए दिन पर्सनल लोन, क्रेडिट कार्ड, क्यूआर कोड, केवाईसी , पेंशन कार्ड, फीस जमा करने , जानवर खरीदने सहित अन्य मामलों में लोग साइबर ठगी के शिकार हो रहे हैं । पुलिस प्रशासन लगातार लोगों को सतर्क कर रहा है। अभियान चल रह हैं लेकिन इसके बाद भी लोग इनके झांसे में आ रहे हैं। हाल ही में शहर के देहात थाना अंतर्गत विनायक रेजिडेंसी हरदा बाईपास पर एक युवक से पर्सनल लोन का बोलकर फाइल चार्ज के नाम पर 1 लाख 7 हजार ठगों ने ले लिए। वहीं कोतवाली थाना अंतर्गत नर्मदा बिहार में क्रेडिट कार्ड के नाम से नगदी 68000 निकाल लिए । पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है । इसके साथ ही पथरोटा थाना अंतर्गत आर्डिनेंस फैक्ट्री में क्यूआर कोड से 1 लाख 25 हजार 148 रुपए एक युवक के खाते से ट्रांसफर कर लिए। पुलिस तलाश कर रही है।
अलग-अलग नाम से दस्तावेज लगाकर सिम बेचने वाला पकड़ाया
पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) जितेंद्र पाठक के निर्देशन में थाना प्रभारी कोतवाली गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस द्वारा फर्जी सिम बेच कर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई। अप्रैल माह से फरार चल रहे आरोपी जय कुमार भाटिया को मुखबिर तंत्र के आधार पर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई । आरोपी कोतवाली थाने के अलावा, नर्मदापुरम के थाना देहात के अप.क्र 327/26 में भी जून माह से लगातार फरार चल रहा था। आरोपी जय कुमार व्दारा फर्जी केवाईसी के माध्यम से विभिन्न व्यक्तियों के नाम से मोबाइल सिम जारी की गईं तथा एक ही व्यक्ति के फोटो का उपयोग कर अलग-अलग नाम और पहचान दस्तावेजों के उपयोग कर धोखाधडी पूर्वक सिम बेची गयी थी। मुख्य भूमिका निरी गौरव सिंह बुंदेला, उनि वंशज श्रीवास्तव, आर. पंकेश बघेला की रही।

