



नर्मदापुरम / पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 1 से 10 अगस्त तक चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत नर्मदापुरम पुलिस ने तीसरे दिन भी जिलेभर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया। तीसरे दिन 154 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए ₹69,500 का समन शुल्क वसूला गया। अभियान के पहले तीन दिनों में कुल 529 वाहनों पर कार्रवाई कर ₹2,33,700 का समन शुल्क वसूला जा चुका है।
जांच के दौरान निजी वाहनों में लगाए गए अवैध हूटर, सायरन, फ्लैशर लाइट, VIP एवं शासकीय स्टिकर, पदनाम, मोनोग्राम, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा ब्लैक फिल्म के विरुद्ध विशेष कार्रवाई की गई। तीसरे दिन 1 अवैध हूटर, 2 फ्लैशर लाइट, 24 ब्लैक फिल्म लगे वाहन, 35 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा 3 अनधिकृत पदनाम प्रदर्शित करने के मामलों में वैधानिक कार्रवाई की गई। अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक साईंकृष्ण एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) संतोष मिश्रा के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।
नर्मदापुरम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निजी वाहनों से अवैध हूटर, फ्लैशर, VIP एवं शासकीय स्टिकर, पदनाम, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा ब्लैक फिल्म तत्काल हटवा लें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभियान 10 अगस्त तक पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

