
नर्मदापुरम / एक दो दिन से हो रही बारिश के बाद वार्ड क्रमांक 12 स्थित नंद विहार कॉलोनी, माखन नगर रोड में गंभीर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। कॉलोनी की सड़कें पानी से पूरी तरह भर जाने के कारण करीब 500 से अधिक रहवासियों का जनजीवन प्रभावित हो गया है।
रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी में कई दिनों से पानी भरा होने के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, क्योंकि स्कूल वैन कॉलोनी के अंदर तक नहीं पहुंच पा रही है। वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहन भी पानी में फंस रहे हैं, जिससे वाहनों के खराब होने का खतरा बना हुआ है।
रहवासियों ने बताया कि सबसे गंभीर चिंता मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति को लेकर है। यदि किसी मरीज को तत्काल अस्पताल ले जाने की आवश्यकता पड़े या एंबुलेंस बुलानी पड़े, तो जलभराव के कारण समय पर सहायता मिलना मुश्किल हो सकता है। इसके अलावा लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।
कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान करते हुए पानी की निकासी कराई जाए तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाए। रहवासियों का कहना है कि यह केवल असुविधा का विषय नहीं, बल्कि सैकड़ों नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जीवन से जुड़ा गंभीर जनहित का मामला है।

