मूंग खरीदी, खाद को लेकर ई पोर्टल और बिजली सहित कई मुद्दों पर आर पार की लड़ाई
महा बैठक में बनेगी रणनीति, भारी संख्या में शामिल होंगे किसान
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
मूंग की सौ फीसदी खरीदी, खाद को लेकर ई टोकन व्यवस्था में सुधार, बिजली की सप्लाई, खेत सड़क योजना सहित अन्य मांगों को लेकर किसान संगठन लामबंद हो गए हैं । समस्याओं को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक 20 जुलाई को देवाशीष गार्डन इटारसी में होगी। इस बैठक में 9 किसान संगठन के प्रमुख पदाधिकारी , कार्य कर्ता और सदस्य शामिल होंगे। सभी प्रतिनिधि भोपाल में मुख्यमंत्री निवास घेरने की रणनीति सहित अन्य विषयों पर चर्चा करेंगे और रणनीति बनाएंगे । राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के प्रदेश मंत्री रमाकांत मीणा ने कहा कि किसान संगठनों के पदाधिकारी, सदस्य , कार्यकर्ता और किसान ट्रैक्टर ट्रॉली सहित अन्य वाहन से भोपाल पहुंच कूच करेंगे और मुख्यमंत्री निवास घेरेंगे। बैठक में विचार विमर्श कर रणनीति बनाई जाएगी। किसानों का कहना है कि मूंग फसल की सौ फीसदी खरीदी की जाए, ई पोर्टल व्यवस्था से खाद मिलने में दिक्कत जा रही है इसमें सुधार हो, वहीं बिजली की समस्या सहित खेत सड़क योजना पर काम करने सहित अन्य समस्याएं हैं जिन पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा। गौरतलब है कि जिले भर की तहसील और विकासखंड मुख्यालय पर भी अलग-अलग संगठनों ने आंदोलन और धरना प्रदर्शन किया लेकिन सरकार के कान में जूं तक नहीं रेंगी। अब महा बैठक में रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक में शामिल होंगे संगठन, होगी चर्चा
बैठक में राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ, राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ , क्रांतिकारी किसान मजदूर संगठन, भारतीय किसान यूनियन, स्वराज संगठन भेंरुदा, आम किसान यूनियन हरदा , भारतीय किसान यूनियन बरेली, संयुक्त कृषक संगठन खंडवा , किसान आर्मी नरसिंहपुर सहित अन्य किसान शामिल होंगे।

