शहर में ठाकुर समाज ने श्रद्धा , उत्साह एवं पारंपरिक गौरव के साथ मनाई जयंती
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
शहर में वीर शिरोमणि सम्राट महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती ठाकुर समाज द्वारा श्रद्धा, उत्साह एवं पारंपरिक गौरव के साथ धूमधाम से मनाई गई। मंगलवार को महाराणा प्रताप चौराहा स्थित प्रतिमा स्थल पर जिलेभर से बड़ी संख्या में ठाकुर समाज के लोग एकत्रित हुए। यहां वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप, मां भवानी एवं शस्त्रों का विधिवत पूजन-अर्चन एवं आरती की गई। कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए आरती-पूजन किया। इस अवसर पर आतिशबाजी कर जयंती का उत्सव मनाया गया। पूजन के पश्चात महाराणा प्रताप चौराहे से भव्य चल समारोह निकाला गया। चल समारोह में घोड़े, बग्गियां एवं बैंड-बाजे विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। सफेद कुर्ता-पायजामा और सिर पर साफा धारण किए राजपूत सरदार पारंपरिक शस्त्रों के साथ चल रहे थे। कई युवाओं ने तलवारबाजी का आकर्षक प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया। चल समारोह शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुनः महाराणा प्रताप चौराहा पहुंचकर संपन्न हुआ। यात्रा में हजारों की संख्या में समाजजन शामिल हुए। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर शहरवासियों द्वारा पुष्पवर्षा कर चल समारोह का स्वागत किया गया। कई चौराहों पर आतिशबाजी की गई तथा महाराणा प्रताप के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। समारोह के समापन पर सभी सामाजिक बंधुओं ने सामूहिक रूप से भोजन प्रसादी ग्रहण की। आयोजन के दौरान समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति के आदर्शों को याद करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।

