रेल मंत्री और महाप्रबंधक के नाम सौंपा ज्ञापन
नकुल मालवीय सिवनी मालवा।
बानापुरा में रेल ठहराव सहित सुविधाओं की मांग को लेकर मंगलवार को पत्रकार संघ ने रेल मंत्री और महाप्रबंधक के नाम ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही ज्ञापन सौंपने वालों मेंनपाध्यक्ष, पार्षद, अधिवक्ता, व्यापारी, वरिष्ठ नागरिक, भाकिसं, युवा, आटो चालक, भाजपा, कांग्रेस सहित सामाजिक संगठनों के सैकड़ों लोग शामिल हुए। बानापुरा रेलवे स्टेशन पर वर्षों से कोई नई रेल का ठहराव नहीं हुआ हैं। बानापुरा स्टेशन अमृत भारत योजना में सम्मिलित हैं और वर्तमान में यहां निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। नई रेल रोकने की मांग को लेकर पत्रकार संघ ने जनता के साथ मिलकर तहसीलदार नितिन कुमार झोड़, बानापुरा रेलवे स्टेशन प्रबंधक सियाराम सिंह को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, महाप्रबंधक प.म.रे के नाम ज्ञापन सौंपकर बानापुरा रेलवे स्टेशन की विभिन्न मूलभूत सुविधाओं और रेल ठहराव की मांग की। पत्रकार संघ के अध्यक्ष नन्दकिशोर व्यास और नपाध्यक्ष नितेश जैन ने बताया कि वर्षों से सिवनी मालवा – बानापुरा क्षेत्र के पत्रकारों, सामाजिक, राजनैतिक संगठनों द्वारा समय-समय पर क्षेत्रीय सांसद, विधायक, महाप्रबंधक, मण्डल रेल प्रबंधक को रेल ठहराव की मांग की जाती रहीं हैं लेकिन इसके बाद भी जनता के संवैधानिक अधिकार, मूलभूत सुविधा पर कोई ध्यान नही दिया जा रहा हैं। पत्रकार संघ ने जनप्रतिनिधियों और जनता के भारी समर्थन से रेल ठहराव और स्टेशन की व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर मंगलवार को ज्ञापन दिया हैं। वहीं यहां पर बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों, बच्चों और आम यात्रियों को भारी परेशानी होती हैं इन्हें दूर किया जाए। बानापुरा में लगभग 40 वर्ष पूर्व पंजाब मेल और 35 वर्ष पूर्व झेलम एक्सप्रेस ठहराव हुआ था। किसी नई रेल का ठहराव बानापुरा स्टेशन पर नहीं हुआ हैं। यहां पर भुसावल-नागपुर जो कोरोना काल में बंद कर दी हैं उसे पुनः प्रारंभ किया गया। वहीं आमजन के लिए भुसावल-खण्डवा-भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस शुरू की जाए।
इसी के साथ पुष्पक एक्सप्रेस , गोवा एक्सप्रेस अमृत भारत एक्सप्रेस,
अहमदाबाद-सहरसा एक्सप्रेस, जयपुर-हैदराबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस, काचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस, पुणे-सुपौल एक्सप्रेस, हावड़ा मुम्बई मेल (वाया गया) का ठहराव मुख्य रूप से कराया जाए। यदि ट्रेनों का स्टॉपेज नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।

