दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
नर्मदापुरम।
कलेक्टर के निर्देश पर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सरिता मालवीय ने शहर में वार्डों में जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन किया। स्थानीय निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावलियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। इस विशेष अभियान के अंतर्गत निर्वाचक नामावली में नाम जोड़ने, मृत या दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं के नाम हटाने तथा त्रुटियों के सुधार की कार्यवाही जारी है। जिसके तहत राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदाय की गई जांच सूचियों के आधार पर प्राधिकृत अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सघन भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को शहर में नगरपालिका क्षेत्र में तहसीलदार एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सरिता मालवीय द्वारा स्वयं वार्ड क्रमांक 1,5,6 ,23,10 में प्राधिकृत अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन की कार्यवाही का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने उपस्थित नागरिकों एवं मतदाताओं से अपील की कि यदि किसी अपात्र या मृत व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में जुड़ा हुआ है, तो इसकी जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारी/कर्मचारी को दें अथवा ERMS पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आपत्ति फॉर्म भरकर दर्ज कराएं, ताकि प्राधिकृत अधिकारी द्वारा उसकी सूक्ष्म जांच कर नियमानुसार नाम हटाने की वैधानिक कार्यवाही की जा सके। वर्तमान में सभी प्राधिकृत अधिकारियों द्वारा जांच सूची के साथ क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर निष्पक्षता से भौतिक सत्यापन और मतदाताओं की पात्रता की सघन जांच सुनिश्चित की जा रही है, ताकि एक शुद्ध और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार की जा सके।

