
नर्मदापुरम / प्रदीप गुप्ता / शहर के वरिष्ठ बिजली उपभोक्ता डॉ. गुरबानी को हाल ही में एक अज्ञात मोबाइल नंबर से धमकी भरा कॉल मिला। इस कॉल में उपभोक्ता पर झूठा आरोप लगाया गया कि वे नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान नहीं कर रहे हैं। उपभोक्ता ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश विद्युत मंडल के अधिकारियों को एक लिखित शिकायत सौंपी है। डॉ. गुरबानी ने बताया कि उन्हें 23 सितंबर को दोपहर 3:33 बजे एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाला व्यक्ति बार-बार यह कह रहा था कि उन्होंने लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया है और जल्द ही उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह आरोप पूरी तरह निराधार है, क्योंकि वे हर माह समय पर बिजली बिल जमा करते हैं। उनके खाते में कभी कोई बकाया नहीं रहा। इसके बावजूद उन्हें धमकाकर परेशान करने की कोशिश की गई।लिखित आवेदन में डॉ. गुरबानी ने कहा कि मैं नियमित रूप से बिजली बिल जमा करता हूं , फिर भी इस तरह की कॉल्स आना मेरे लिए चिंता का विषय है। यह किसी प्रकार का फर्जीवाड़ा या उपभोक्ताओं को गुमराह करने की कोशिश हो सकती है। विभाग से अनुरोध है कि तुरंत कार्रवाई कर दोषियों पर सख्त कदम उठाए जाएं।”
छवि खराब करना और मानसिक रूप से परेशान करने का उद्देश्य
उन्होंने यह भी आशंका जताई कि कोई व्यक्ति उनकी छवि खराब करने या उन्हें मानसिक रूप से परेशान करने के उद्देश्य से ऐसा कर रहा है। इस घटना के बाद उपभोक्ता ने अन्य नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें भी इस तरह के कॉल्स आएं तो वे घबराएं नहीं और तुरंत इसकी शिकायत संबंधित विभाग में दर्ज कराएं । स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं आम उपभोक्ताओं में भ्रम और भय पैदा करती हैं। विभाग को चाहिए कि वह तुरंत जांच कर यह पता लगाए कि आखिर ऐसे कॉल्स किसकी ओर से और किस उद्देश्य से किए जा रहे हैं। साथ ही उपभोक्ताओं को समय-समय पर जागरूक करने के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएं।
इनका कहना है —
आवेदन पत्र प्राप्त हुआ है। इस मामले में कोई ठोस प्रूफ मिलता है तो आगे कार्रवाई की जाएगी।
दीपक मिश्रा —-
सहायक यंत्री, जोन 2 नर्मदापुरम।

