
नर्मदापुरम / मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत शुक्रवार को विकासखंड पिपरिया के ग्राम पंचायत मटकुली में जनसंवाद शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नागरिक शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अभियानों की जानकारी दी। साथ ही नागरिकों ने अपनी समस्याएं संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनमें से कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया।
शिविर में लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी, पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी, जनपद पंचायत अध्यक्ष पिपरिया सुश्री संध्या सिंघारे, कलेक्टर आशीष वशिष्ठ, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, एस पी साईं कृष्णा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने शिविर में नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा शासन की योजनाओं एवं उनके माध्यम से मिलने वाले लाभों के संबंध में जानकारी दी। जनप्रतिनिधियों ने भी नागरिकों को शिविर के उद्देश्य एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शासन के निर्देशानुसार शुक्रवार को नो मीटिंग डे बताते हुए कहा कि अब प्रशासन हर शुक्रवार को फील्ड पर पहुंच रहे हैं। उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत निशुल्क रजिस्ट्री के संबंध में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए बताया कि शासन द्वारा योजना के माध्यम से अब आवास पट्टों की रजिस्ट्री की जा रही है। उन्होंने सभी पात्र हितग्राहियों से योजना के तहत अधिक से अधिक रजिस्ट्री किए जाने की अपील की।
बेहतर नरवाई प्रबंधन के लिए कृषक हुए सम्मानित….
कृषि मशीनीकरण पर उप-मिशन (SMAM – Sub-Mission on Agricultural Mechanization) भारत सरकार द्वारा चलाई जाने वाली एक प्रमुख योजना है। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र और मशीनें आसानी से और कम लागत पर उपलब्ध कराना है। शिविर के दौरान बेहतर नरवाई प्रबंधन तथा आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग कर नरवाई के व्यवस्थित प्रबंधन करने के लिए 05 किसानों को प्रमाण पत्र भी वितरित कर सम्मानित किया गया।
उद्यम संवाद में हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव…..
शिविर में उद्यम संवाद सत्र का आयोजन भी किया गया। इसमें समीपस्थ क्षेत्रों से पहुंचे विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों एवं युवा उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार शासन की योजनाओं से प्राप्त ऋण, आर्थिक सहायता एवं अन्य सुविधाओं का लाभ लेकर उन्होंने अपने व्यवसाय एवं उद्यम प्रारंभ किए तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया। उद्यमियों ने उपस्थित नागरिकों को अपने संस्थान एवं व्यवसाय की जानकारी देते हुए युवाओं से स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। इस दौरान उद्यमी कैलाश मंडलोई जिन्हें उद्योग विभाग से लाभ प्राप्त हुआ है, रूपाली शर्मा जो एनआरएलएम से जुड़ कर स्वरोजगार से जुड़ी, पीएमएफएमई योजना से लाभान्वित तनिष्क साहू एवं शिवनारायण साहू ने बताया कि कैसे योजनाओं से जुड़ने के बाद तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त होने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।
इनफ्लुएंसर संवाद में सोशल मीडिया की भूमिका पर चर्चा…..
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित जनसंवाद शिविर के दौरान आयोजित इनफ्लुएंसर संवाद में क्षेत्र के युवा इनफ्लुएंसर ने बताया कि किस प्रकार सोशल मीडिया के माध्यम से जनता से किस प्रकार सीधा जुड़ा जा सकता है तथा आसन एवं सरल माध्यम से अपनी बात रखी जा सकती है। संवाद के दौरान युवा इनफ्लुएंसर सौरभ राजपूत जो की ‘पिपरिया वाले’ पेज का संचालन करते हैं ने बताए कि वे अपने पेज के माध्यम से शासकीय योजनाओं अभियान, पर्यटन एवं अन्य जानकारी रोचक तरीके से लोगो तक पहुंचाते है। वे इस क्षेत्र में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय हैं।
विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को मिला लाभ….
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ वितरित किए गए। मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत सीसीएल (कैश क्रेडिट लिमिट) ऋण योजना के तहत 5 स्व-सहायता समूहों को लाभान्वित किया गया।
राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व अधिकार अभिलेख के अंतर्गत 50 हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया। इसी प्रकार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की पेंशन योजना के अंतर्गत 9 हितग्राहियों को लाभ मिला। प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रथम किस्त के रूप में 43 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया तथा संबल योजना के अंतर्गत 4 हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया।
शिविर के दौरान विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। जननी सुरक्षा योजना के 40 हितग्राहियों तथा प्रसूति सहायता योजना के 36 हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किया गया। टीबी के 2 मरीजों को फूड बास्केट वितरित की गईं।
कक्षा 12वीं में अच्छे अंक प्राप्त कर प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले 1 को ई-स्कूटी प्रदान की गई। वहीं 3 विद्यार्थियों को साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरित की गई।
शिविर में नागरिकों को मिली तत्काल सुविधाएं…..
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा नागरिकों को मौके पर ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। 28 लोगों के आधार कार्ड का अपडेशन, 18 लोगों की समग्र ई-केवाईसी, 16 आभा कार्ड बनाए गए। 102 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आयुष विभाग द्वारा 115 नागरिकों को दवाइयों का वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 145 नागरिकों को पोषण संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।
कृषि विभाग द्वारा 25 फार्मर आईडी जेनरेट की गईं। शिविर में विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 3 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 3 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। मुख्यमंत्री जनविश्वास जनसंवाद शिविर के अंतर्गत शिविर के दौरान राशन पात्रता पर्ची 36 परिवारों को प्रदाय की गयी ।
इस अवसर पर कैरियर काउंसलिंग का आयोजन भी किया गया, जिसमें 18 छात्र-छात्राओं को कैरियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने युवाओं को उनकी रुचि, योग्यता एवं रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने की जानकारी दी।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं, स्वरोजगार, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, रोजगार एवं अन्य जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी एवं तत्काल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई।

