अधिकारियों ने कहा आम लोगों की समस्याएं निपटाना सर्वोच्च प्राथमिकता
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
शहर में मंगलवार को थाना कोतवाली में लोगों की समस्याओं को सुनने जनसुनवाई का आयोजन किया गया। थाना स्तर पर लोगों की समस्याओं को सुना उनका निराकरण किया। इस मौके पर एसडीओपी जितेंद्र पाठक, थाना प्रभारी गौरव बुंदेला सहित पुलिस स्टाफ मौजूद था । एसडीओपी श्री पाठक ने बताया कि कई सालों से लंबित मामले और आवेदन पर जनसुनवाई के माध्यम से चर्चा कर निराकरण किया गया। इसके साथ ही थाना प्रभारी गौरव बुंदेला ने लोगों की समस्याओं का हल किया। इस दौरान अनेक आवेदक पहुंचे और जनसुनवाई में अपनी समस्याओं को अधिकारियों के बीच रखा। पुलिस अधिकारियों का कहना है की जनसुनवाई के माध्यम से पुलिस-जन संवाद बनाना, न्याय दिलाना और पुलिस प्रशासन में विश्वास बनाए रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
आवेदन में धोखाधड़ी, मारपीट एवं महिला संबंधी अन्य प्रकरण प्रकरण शामिल थे। एसडीओपी और थाना प्रभारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए निराकरण किया। आवेदकों ने बताया कि जनसुनवाई में हमारी लंबित समस्याओं को सुना गया और उनका निराकरण किया गया।

