पुलिस होमगार्ड और एसडीईआरएफ जवान मौजूद
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम
शहर में सोमवती अमावस्या पर नर्मदा में डुबकी लगाने हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सुबह से ही यहां पर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं ने स्नान किया और दान पुण्य कर भगवान की कथा कराई । इसके साथ ही सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं । पुलिस, होमगार्ड और एसडीईआरएफ सहित नगर पालिका द्वारा भी अनाउंसमेंट कराया जा रहा है और श्रद्धालुओं पर नजर रखी जा रही है । अधिक मास में सोमवार को सोमवती अमावस्या का महासंयोग कई वर्षों बाद बना है। इसमें दान पुण्य करने और पितृ तर्पण करने से सात पीढ़ी के पितरों को भी शांति मिलती है। इस बार सोमवती अमावस्या पर महासंयोग बने हैं। यह अमावस्या पुरुषोत्तम मास के पवित्र महीने में आई है, जिससे एक दुर्लभ महासंयोग का निर्माण हुआ है। मां नर्मदा के तटों पर आस्था का महा सैलाब उमड़ा। अधिक मास में किए गए धार्मिक कार्यों, जप और तप का फल सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक मिलता है। नर्मदा जी में स्नान कर दीपदान किया जा रहा है। शहर के सेठानी घाट सहित पर्यटन घाट, मंगलवारा, विवेकानंद घाट सहित बांद्रा भान और आसपास के घाटों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।

