कलेक्टर के निर्देश पर जमकर हो रही कार्रवाई
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
शहर सहित आसपास के क्षेत्र में त्योहार के चलते कलेक्टर के निर्देश पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की चेकिंग की जा रही है। शनिवार को अनुविभागीय दंडाधिकारी सिवनी मालवा विजय कुमार रॉय के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन एवं राजस्व विभाग के संयुक्त दल द्वारा ऑटो क्रमांक एम पी 05 आर 0814 से संदेहास्पद 1.5 क्विंटल खोवा पकड़ा जिसमें पूछताछ पर यह खोवा ग्वालियर का पाया गया जिसका कोई बिल उपलब्ध नहीं हैं। ऑटो चालक द्वारा अन्य कोई विधिसम्मत जानकारी नहीं देने के कारण खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश एस. दियावार द्वारा सभी बोरियों से 3 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए और समस्त खोवा ज़ब्त कर कोल्ड स्टोरेज में रखा गया। इसके अतिरिक्त सिवनी मालवा स्थित मनभावन मिष्ठान, राजस्थान मिष्ठान एवं अन्य मावा एवं मिठाई विक्रेताओं की जांच हेतु निरीक्षण किए गए एवं मिठाइयों के नमूने एकत्र किए। इसके अतिरिक्त चलित खाद्य प्रयोगशाला से 26 नमूनों की स्पॉट पर ही जांच की गई! सभी व्यावसायियों को साफ सफाई के निर्देश दिए गए। संग्रहित नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध न्यायालय कार्रवाई प्रस्तावित की जावेगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा मावे मिठाईयां आदि खाद्य पदार्थों के निर्माण परिवहन एवं भंडारण पर सतत् निगरानी रखी जा रही है। कार्यवाही में तहसीलदार जय सोलंकी, नायब तहसीलदार एस एस रघुवंशी एवं कीर्ति प्रधान खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश एस. दियावार एवं अन्य राजस्व अमला उपस्थित रहा। इसके अतिरिक्त बरखेड़ी में भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम से खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह राणा द्वारा विभिन्न मिठाई दुकानों से निरीक्षण कर 4 मिठाइयों के नमूने जांच हेतु लिए गए।

