

नर्मदापुरम / सिवनी मालवा के विकासखंड के ग्राम भिलाड़िया कला में मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत बीएमओ डॉ. कांति बाथम द्वारा गठित ब्लॉक स्तरीय टीम एवं जिला स्तरीय टीम द्वारा ग्राम का भ्रमण कर मलेरिया नियंत्रण संबंधी गतिविधियों का जायजा लिया गया।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य टीम द्वारा घर-घर जाकर लार्वा सर्वे किया गया तथा मच्छरों के लार्वा पाए जाने पर नष्टीकरण की कार्रवाई की गई। साथ ही बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की पहचान के लिए फीवर सर्वे भी किया गया। ग्रामीणों को मच्छरों से होने वाली बीमारियों की रोकथाम, घरों के आसपास पानी जमा न होने देने तथा पानी के पात्रों की नियमित सफाई करने के संबंध में जानकारी दी गई।
बीएमओ डॉ. कांति बाथम के मार्गदर्शन एवं एमएल टेकाम, पंचम पाटिल के संयोजन में सेक्टर सुपरवाइजर शारदा तिवारी, सीएचओ शीला धनवारे, एएनएम स्वर्णिमा गौर, सुषमा रघुवंशी, संध्या चौधरी, संजय दीवान, दिनेश राजपूत, रोहित केवट सहित आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से प्रतिबंधात्मक गतिविधियां संचालित की गईं।
स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे घरों एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखें, पानी जमा न होने दें तथा मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाएं।

