संभागीय बैठक के बाद कमिश्नर लेंगे निर्णय
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम
शहर में में शुक्रवार को कलेक्टर सोनिया मीना की अध्यक्षता में रबी फसलों की सिंचाई हेतु जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में हरदा जिले हेतु बायीं तट मुख्य नहर से 1 नवंबर, तवा नहर संभाग सिवनी मालवा की नहरों के लिए 3 नवंबर तवा परियोजना संभाग इटारसी के लिए 4 नवंबर तथा पीबीसी संभाग सोहागपुर नहर से 10 नवंबर से जल प्रवाह शुरू करने के लिए तिथियां प्रस्तावित की गई। इस दौरान कलेक्टर सुश्री मीना ने समिति के सदस्यों को अवगत कराया कि नहर खोलने की अंतिम तिथि का निर्णय संभागीय बैठक उपरांत संभागायुक्त नर्मदापुरम संभाग श्री कृष्ण गोपाल तिवारी द्वारा लिया जाएगा, जिस पर समिति के सभी सदस्यों ने सहमति व्यक्त की।
इस दौरान जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री ने तवा जलाशय की वर्तमान जल संग्रहण स्थिति 1949 एमसीएम जो कि उपलब्ध जल भराव मात्रा का 100 प्रतिशत होने की जानकारी दी। निर्देश दिए की नहरों का मरम्मतीकरण शीघ्र ही पूरा किया जाए। साथ ही कलेक्टर ने स्थानीय स्तर पर भी सभी एसडीएम को नहरों के सुचारू एवं पर्याप्त जल प्रवाह हेतु उपयुक्त प्रबंधन एवं सूक्ष्मता से निगरानी के लिए निर्देशित किया।

