बच्चा चोरी मामले ने पकड़ा तूल
अस्पताल का घेराव कर जमकर की नारेबाजी
सीबीआई जांच करने की मांग
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
शहर के जिला चिकित्सालय में मंगलवार को बच्चा चोरी मामले को लेकर जमकर हंगामा हुआ। सर्व आदिवासी समाज समाज ने विरोध प्रदर्शन कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि जिला अस्पताल में 24 जून को प्रियंका बाई पति संदीप आदिवासी, निवासी ग्राम माखनी के जुड़वा बच्चों में से एक बच्चा चोरी होने के मामला सामने आया था। अब इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने जिला अस्पताल का घेराव कर जमकर धरना-प्रदर्शन किया।
चिकित्सालय का मेन गेट बंद कर भारी पुलिस बल तैनात
जिला चिकित्सालय में प्रदर्शन के दौरान अस्पताल परिसर के अंदर और बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। समाज के सैकड़ों लोग हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर अस्पताल पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि मामले को लेकर प्रबंधन गंभीर नहीं है और हमें डराया धमकाया जा रहा है।
प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल प्रबंधन एवं सिविल सर्जन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना था कि जिला अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान से नवजात बच्चे का चोरी हो जाना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी खामी को दर्शाता है। समाज ने मांग की है कि घटना के समय ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो, अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की गहन जांच की जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
निलंबन की मांग
प्रदर्शनकारियों ने जांच प्रभावित होने की आशंका जताते हुए कहा कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को नियमानुसार निलंबित किया जाए, ताकि जांच निष्पक्ष रूप से हो सके।
कलेक्ट्रेट में सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर संबंधित अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
महिला ने कहा मांग रहे थे रुपए
आदिवासी समाज की महिला ने कहा कि अस्पताल में हमारी बेटी छीन ली। लड़का हमको दे दिया। 6 हजार रुपए की मांग कर रहे थे। हमने कहा 2 हजार ले लो लेकिन उन्होंने कहा नहीं। नर्स ने पैसे मांगे थे और हमें डराया धमकाया जा रहा था। हमने बच्चा ऑपरेशन थिएटर में देखा था लेकिन नर्स ने एक बच्चा लड़का हमको दे दिया और एक रख लिया।
सीबीआई जांच करने की मांग
इस पूरे मामले में सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन अपनी मनमानी कर रहा है। जिला प्रशासन तय करें कि महिला के पास कौन-कौन गए थे । क्या साइन रह गए थे जो कराया जाना था। घर पर महिला को डराया धमकाया हमारे पास तो सब एविडेंस हैं । हम किसी को नहीं देंगे। इसकी उच्च स्तरीय जांच होना चाहिए। उन्होंने सीबीआई जांच की भी मांग की है।

